-मध्य दिल्ली के आनंद पर्वत स्थित बलजीत नगर की वारदात, हमला करने के बाद आरोपी फरार, पुलिस ने छह लड़कों को हिरासत में लिया, पूछताछ जारी, हथियार बरामद करने का प्रयास
-आरोपी घर के सामने बैठकर पी रहे थे शराब, एक आरोपी शराब पीने के लिए पानी मांगने पहुंचा, विरोध किया तो आरोपी करने लगा झगड़ा, कुछ देर बाद आरोपियों ने घर पर धावा बोला
-आरोपियों ने विजय उपाध्याय की सास व साले को भी पत्थर से वार कर जख्मी किया, पुलिस ने बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद विजय का शव परिजनों को सौंपा, छानबीन जारी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आनंद पर्वत एरिया के बलजीत नगर इलाके में बुधवार होली के दिन शराब पीने के विरोध पर एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। शिनाख्त विजय उपाध्याय (32) के रूप में हुई है। हमले के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। खून से लथपथ हालत में विजय को लेडी हार्डिंग अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। क्राइम टीम व एफएसएल को मौके पर बुलाया गया। बाद में हत्या का केस कर पुलिस ने छह आरोपियों को हिरासत में ले लिया। इनमें कुछ नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। वारदात में इस्तेमाल हथियार भी बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक मूलरूप से गांव नंगला राणा, एटा, यूपी का रहने वाला विजय परिवार के साथ गली नंबर-3, बलजीत नगर, आनंद पर्वत इलाके में रहता था। इसके परिवार में पत्नी निशा के अलावा 10 और 8 साल के दो बेटे व 6 साल की एक बेटी है। विजय करोल बाग इलाके में गारमेंट का काम करता था। घर के सामने ही इसकी ससुराल भी है, यहां पर इसकी सास मुन्नी देवी विजय के साले संदीप व परिवार के साथ रहती हैं।
बुधवार दोपहर के समय गली में कुछ लड़के शराब पी रहे थे। इस बीच एक लड़का शराब के लिए पानी लेने के लिए संदीप के घर पहुंचा। संदीप ने वहां शराब न पीने की बात कर लड़कों को डाट दिया। इस बात पर आरोपी संदीप के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगे। इस बीच संदीप ने फोन कर अपने जीजा विजय को वहां बुला लिया। विजय वहां पहुंचा तो आरोपी वहां से चले गए। कुछ ही देर बाद करीब आठ-दस लड़के वहां पहुंचे और विजय का दरवाजा खटखटाने लगे। जैसे ही विजय ने दरवाजा खोला आरोपियों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसके सीने, चेहरे और पेट में चाकू मार दिया। संदीप व उसकी मां मुन्नी ने बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उन पर पत्थर से हमला कर दिया। बाद में आरोपी फरार हो गए। अस्पताल ले जान पर विजय को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद विजय का शव परिजनों के हवाले कर दिया। विजय के भाई यशवीर ने बताया कि उसके दो चाचा राकेश व राजेश बलजीत नगर में रहते हैं, राकेश आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता हैं।