दनकौर कोतवाली क्षेत्र के ऊंची दनकौर में रविवार को एक नवविवाहिता की दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाते हुए पीड़ित मायके वालों ने पति समेत छह ससुरालियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
परिजनों ने आरोप लगाया कि दहेज में ऑडी कार और 15 लाख रुपये नगद नहीं मिलने पर विवाहिता की हत्या कर दी और उसे आत्महत्या घोषित करने के लिए कमरे के पंखे से फांसी पर लटका दिया गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने बताया कि नोएडा के मोहियापुर गांव निवासी रवींद्र ने दनकौर कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसकी बेटी प्रिया की शादी दो दिसंबर 2014 को ऊंची दनकौर निवासी रोहित के साथ हुई थी।
दहेज में दी थी स्कॉर्पियो कार और लाखों रुपए
हैसियत के अनुसार दहेज में स्कॉर्पियो कार और कई लाख रुपये नगद दिए थे, मगर ससुराल वाले इससे खुश नहीं थे। पीड़ित पिता का आरोप है कि लड़के वाले करीब 21 लाख रुपये नगद और 50 लाख रुपये की ऑडी कार की मंशा पाले हुए थे लेकिन शादी के समय कुछ बोल नहीं पाए।
शादी के बाद जब प्रिया दुल्हन बनकर ऊंची दनकौर गई तो ससुरालियों का उसी रात से तिरस्कार शुरू हो गया। रवींद्र ने बताया कि, कई बार प्रिया ने अपने साथ हो रहे शोषण के बारे में बताया तो उन्होंने ससुरालियों से बात की और समझाया कि इस तरह से उसे परेशान न करें।
आरोप है कि ससुरालियों ने करीब एक माह पहले अपनी मंशा जाहिर कर दी और प्रिया से 15 लाख रुपये नगद और ऑडी कार लाने के लिए कहा।
मांग पूरी न होने पर मारपीट कर प्रिया को घर से निकाल दिया और कहा कि जब कार और रुपयों की व्यवस्था हो जाए तो बता देना मायके से उसे ले आएंगे।
ससुराल से वापस आ गई थी प्रिया
इसके बाद प्रिया मायके आ गई और वहीं पर रहने लगी। इसके बाद दोनों पक्षों के रिश्तेदारों ने मिलकर समझौता करा दिया और प्रिया को फिर से ससुराल भेज दिया। मगर वहां पर ले जाने के बाद ससुरालियों ने फिर से उत्पीड़न करना शुरू कर दिया।
शनिवार रात में पति समेत अन्य परिजनों ने मिलकर प्रिया की हत्या कर दी और उसे पंखे से लटका दिया गया, जिससे आत्महत्या का मामला बनाया जा सके।
सीओ अजय कुमार का कहना है कि प्रिया के पिता रवींद्र की तहरीर पर पति समेत सास, ससुर, ननद और देवर पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गई लेकिन सभी आरोपी फरार है।