जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम पर हो रहा विचार
शपथ ग्रहण समारोह के लिए जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम के सुरक्षा व्यवस्था के साथ ही पार्किंग और क्षमता को दिल्ली सरकार के अधिकारी जायजा ले रहे हैं। भाजपा सूत्रों के अनुसार, इसी स्टेडियम में शपथ ग्रहण समारोह कराने पर विचार मंथन किया जा रहा है। कार्यक्रम आयोजनकर्ता की टीम इस स्टेडियम में बृहस्पतिवार को पहुंची भी थी। अरुण जेटली स्टेडियम को भी विकल्प में रखा रखा गया है। भव्य समारोह इसलिए भी होना है कि इसमें देश भर के बड़े-बड़े नेता शामिल होंगे। एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री के साथ ही केंद्रीय कैबिनेट और राज्यपाल भी मौजूद रह सकते हैं। लिहाजा सुरक्षा व्यवस्था का भी आकलन किया जा रहा है। भव्य आयोजन को देखते हुए बड़े स्थान की तलाश है।
सात मंत्री ले सकते हैं सीएम के साथ शपथ
प्रधानमंत्री के विदेश यात्रा से लौटने पर एक ऑब्जर्वर की भी नियुक्ति हो सकती है। जातीय और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री के साथ एक उपमुख्यमंत्री नियुक्त करने पर विचार चल रहा है। दिल्ली के संभावित कैबिनेट में मुख्यमंत्री समेत कुल सात मंत्री भी समारोह में शपथ ले सकते है। इसके अलावा विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मुख्य सचेतक, उप सचेतक, दिल्ली जल बोर्ड, महिला आयोग और दिल्ली विकास प्राधिकरण में भी नियुक्तियों की तैयारी प्रशासनिक अधिकारी कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार दिल्ली सचिवालय से रिक्त पदों और नियुक्तियों से जुड़ी जानकारी मांगी गई है। प्रधानमंत्री कार्यालय भी इस पर नजर बनाए हुए है।