अब व्हाट्स ऐप सेक्टरों की सुरक्षा बढ़ाने में मददगार होगा। पुलिस और आरडब्ल्यूए का ग्रुप बनेगा, जिसकी एडमिन खुद एसपी देहात होंगी। इसमें बीट के सिपाही भी जुड़े रहेंगे। कोई भी समस्या इस ग्रुप पर डालते ही घटनास्थल पर पहुंचने की सिपाही की जिम्मेदारी बन जाएगी।
रविवार को सूरजपुर स्थित एसएसपी कार्यालय के सभागार में गोल्डन फेडरेशन ऑफ ग्रेटर नोएडा के पदाधिकारियों से एसपी देहात सुजाता सिंह ने बैठक की। एसपी ने फेडरेशन के पदाधिकारियों को बताया कि हर सेक्टर के लिए सिपाही तैनात हैं, लेकिन जानकारी नहीं होने के चलते सेक्टरवासी उनसे संपर्क नहीं कर पाते।
ऐसे में एक व्हाट्स ऐप ग्रुप बनाकर सबको जोड़ा जाएगा, ताकि आसपास कोई वारदात होने पर तत्काल इसकी सूचना मिल सके। सिपाहियों के नबंर आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों को भी दिए जाएंगे। फेडरेशन के अध्यक्ष देवेंद्र टाइगर व महासचिव दीपक भाटी ने बताया कि सेक्टरों में वारदात पर नियंत्रण के लिए किरायेदारों का सत्यापन कराया जाए।
मकान मालिक किरायेदारों की जानकारी आरडब्लूए के दफ्तर में जमा कराएं। इस दौरान उन्होंने सेक्टर के पार्कों में शराब पीने पर रोक लगाने, रात में पीसीआर पर तैनात पुलिस कर्मी द्वारा सेक्टर के गार्डों की सतर्कता से जांच करने, सेक्टर के अंदर दुकानों के बंद करने का समय तय करने, सेक्टर के अंदर जाने के लिए गलत दिशा का प्रयोग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई कराने समेत कई मांगें रखीं।
एसपी सुजाता सिंह ने कहा कि सेक्टर में रहने वाले मकान मालिक विदेशी छात्रों को मकान देने से पहले उनके मूल दस्तावेज की गहनता से जांच करें और पुलिस से उनका सत्यापन कराएं। इस दोरान आलोक सिंह, देवराज नागर, सतीश भाटी, तिलकराम भाटी, योगेंदर मावी, गजेंदर, कैलाश भाटी, जितेंदर शर्मा, रामपाल भाटी, सुनील भाटी, विशाल शर्मा, कैप्टन रोहित, श्यामवीर भाटी आदि मौजूद रहे।