बाप-बेटी के रिश्ते पर इससे बड़ा कलंक क्या हो सकता है? जवाब आपको दिल्ली की इन दो घटनाओं से मिल जाएगा जिनमें इस पवित्र रिश्ते को तार-तार कर दिया गया।
दिल्ली पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में दो व्यक्तियों के खिलाफ अपनी बेटियों पर अवैध यौन संबंध बनाने के लिए दबाव डालने की शिकायत दर्ज की है।
मंगलवार को एक शिकायत 30 वर्षीय महिला ने अपने पिता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई कि उसका बाप उस पर अपने साथ यौन संबंध बनाने के लिए दबाव डालता है।
7 साल से कर रहा बेटी का यौन शोषण
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक पीड़िता के 3 साल और 6 साल के दो बच्चे भी हैं। पीड़िता का आरोप है कि ये बच्चे भी इसी संबंध से है। उसका बाप पिछले 7-8 साल से उसका यौन शोषण कर रहा है।
महिला की मानें तो उसका बाप हमेशा नशे की हालत में घर आता है और उसे व उसकी मां को पीटता है। उसने अब अपने भाई की मदद से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उसके भाई ने कुछ साल पहले ही घर छोड़ दिया था।
पीड़िता का बाप एक ड्राइवर है, उसकी उम्र लगभग 58 साल है। वह अपने परिवार के साथ शंकर विहार में अपने परिवार के साथ रहता है। पुलिस सच्चाई जानने के लिए मेडिकल जांच का सहारा लेना चाहती है।
वेश्यावृत्ति के लिए नाबालिग को किया मजबूर
वहीं एक अन्य मामले में 15 वर्षीय एक लड़की ने आरोप लगाया है कि उसका बाप वेश्यावृत्ति के लिए उसे मजबूर करता है। नाबालिग लड़की ने अपने पिता के बड़े भाई के परिवार के सहयोग से ये शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस के मुताबिक लड़की ने आरोप लगाया है कि उसका बाप उसे पटपड़गंज क्षेत्र के होटलों में ले जाता है और उस पर अलग-अलग लोगों के साथ सोने के लिए दबाव डालता है।
नाबालिग के बयान के बाद उसकी मेडिकल जांच कराई गई, जिसमें रेप की पुष्टि हुई। पुलिस ने लड़की के बाप, मां, बहन और एक अन्य रिश्तेदार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
नाजायज संबंध बनाने के लिए कहता है बाप
पीड़िता के आरोपी बाप की उम्र 43 साल है और वह ब्रहमपुरी में दर्जी का काम करता है।
पीड़िता के कजिन के मुताबिक लड़की ने उनके घर आकर बताया कि उसका बाप उसे नाजायज संबंध बनाने के लिए कहता है और लड़की के मना करने पर उसे पीटता है।
ये सब पिछले 3-4 महिने से चल रहा है। उसके परिजन लड़की पर नौवी कक्षा में ही पढ़ाई बंद करने का दबाव भी डालते हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं।