सॉफ्टवेयर इंजीनियर अंकित चौहान हत्याकांड का खुलासा पुलिस अब तक नहीं कर सकी है। हालांकि, केस की जांच कर रहे डीएसपी राजकुमार मिश्र ने दावा किया है कि उन्होंने एक शूटर को खोज निकाला है, जिसका हुलिया बृहस्पतिवार को जारी हुए स्केच से मिलता-जुलता है।
इतना ही नहीं उसे दबोचने के लिए टीम रवाना भी कर दी गई है। हत्याकांड के पांचवें दिन भी पुलिस हत्यारोपी तक नहीं पहुंच सकी है।
वारदात को अंजाम देने वाले हमलावर का स्केच बृहस्पतिवार को पुलिस ने जारी किया था, जिसे अंकित के दोस्त गगन के बयानों के आधार पर तैयार किया गया था।
क्या पहचाना गया कुख्यात ही है अंकित का हत्यारा?
डीएसपी का कहना है कि स्केच के आधार पर दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय 12 हार्डकोर क्रिमनल्स का डाटा निकला गया। उनकी फोटो गगन को दिखाई गई, जिसमें से एक को गगन ने पहचाना है।
उसका हुलिया भी स्केच से मिलता-जुलता है। वह कुख्यात शूटर है। उसे गिरफ्तार करने के लिए टीम रवाना कर दी गई है। डीएसपी का दावा है कि शूटर के पकड़े जाने पर टीम काफी हद तक ठीक ढंग से खुलासे तक पहुंच पाएगी।
वहीं, कई सवालों के जवाब उसकी गिरफ्तारी के बाद मिल जाएंगे। सूत्रों की मानें तो जिस शख्स की पहचान गगन ने की है, उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम को दिल्ली व गाजियाबाद रवाना किया गया है।
सुराग नहीं मिला तो अमीषा के घर बेंगलुरू जाएगी पुलिस
सब कुछ ठीक ठाक रहा और शूटर को शुक्रवार देर रात तक पुलिस दबोचने में सफल हो पाई तो बहुत हद तक मामला साफ हो जाएगा।
डीएसपी ने बताया कि देर रात तक कुछ अहम सुराग हाथ नहीं लगते हैं तो शनिवार सुबह एक टीम को बंगलूरू रवाना कर दी जाएगी।
बता दें कि अमीषा बंगलूरू में रहती थी और हाल ही में उसने नोएडा ट्रांसफर लिया है। साथ ही शादी तय होने के बाद से अंकित बंगलूरू अमीषा से मिलने जाया करता था।
कहीं मर्डर मिस्ट्री न बन जाए अंकित की हत्या
अभी तक पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस कई टीमें गठित कर जांच करने के बड़े-बड़े दावे कर रही है, मगर हकीकत में घटना से जुड़ा हुआ कोई खास सुराग नहीं मिल सका है।
शक के आधार पर पुलिस अंकित के मामा के बेटे अभिषेक और दोस्त गगन से लगातार पूछताछ कर रही है। मगर किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी।
वहीं अमीषा के पिता के मुताबिक नोएडा पुलिस हत्याकांड का खुलासा न जाने कब करेगी। हम लोग तो पीड़ित हैं। इंतजार करना ही नसीब में लिखा हुआ है। हमने आईजी मेरठ जोन आलोक शर्मा से मिलकर जल्द खुलासे की मांग की है।