राजधानी दिल्ली के तिलक नगर में 88 लोगों के बैंक अकाउंट में सेंध लगाने का मामला सामने आया है। एटीएम कार्ड का क्लोन बनाकर और कार्ड बदलकर ठगी की गई। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पुलिस ने एक मामले की तकनीकी जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेगी।
जानकारी के मुताबिक, तिलक नगर निवासी गौरव सेठ ने 10 मई को थाने पहुंचकर बैंक अकाउंट से 50 हजार रुपये निकाले जाने की शिकायत दी।
पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि कुछ दिन में थाने में इस तरह की काफी शिकायतें आ गई हैं। पुलिस ने गौरव सेठ की शिकायत पर मामला दर्ज किया और इसी शिकायत में अन्य शिकायतकर्ता का नाम भी शामिल कर लिया। कुल 88 लोगों ने बैंक अकाउंट से रुपये निकाले जाने की शिकायत की।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कई शिकायतकर्ताओं के अकाउंट से 50 हजार, जबकि कुछ के अकाउंट से दो हजार से 25 हजार तक निकाले गए हैं।