दिल्ली में कार चोर गिरोह का पर्दाफाश
यह घटना दिल्ली के विवेक विहार इलाके में हुई। वेस्ट एएटीएस ने एक सफेद रंग की कार में सवार उत्तर प्रदेश के कुख्यात वाहन चोरों के एक गिरोह को पकड़ने के लिए जाल बिछाया था। जैसे ही पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, चोरों ने पहले तो पुलिस की गाड़ियों को टक्कर मारी और फिर आम जनता के वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। उनका इरादा पुलिसकर्मियों को कुचलने का था, लेकिन पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कार के शीशे तोड़ दिए और उन्हें दबोच लिया। भीड़ ने भी इस दौरान आरोपियों की पिटाई की।
आरोपियों की हुई पहचान
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर निवासी मशरूर (56), मेरठ निवासी आसिफ (42) और मुजफ्फरनगर निवासी अकील (40) के रूप में हुई है। पुलिस की पूछताछ में यह बात सामने आई है कि यह गिरोह कार चोरी की 50 से अधिक वारदातों में शामिल रहा है।
वेस्ट एएटीएस ने इन आरोपियों को पकड़ने के लिए विशेष योजना बनाई थी, जो पूरी तरह सफल रही। फिलहाल, पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है। पुलिस उनसे जुड़े अन्य मामलों और उनके गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।