अंतिम संस्कार कराने वाला परिवार
- फोटो : अमर उजाला
कोविड अस्पतालों से अपने वाहन में शव ले जाकर उनका अंतिम संस्कार कराने वाले शहीद भगत सिंह सेवा दल के संस्थापक जितेंद्र सिंह शंटी अपने पूरे परिवार समेत कोरोना पॉजिटिव हो गए थे। अब सभी पूरी तरह स्वस्थ हो गए हैं।
यह पूरा परिवार अपने दल के माध्यम से 216 से अधिक शवों का अंतिम संस्कार करा चुका है। इस सराहनीय कार्य को देखते हुए पूर्वी दिल्ली में जिला प्रशासन व पुलिस ने परिवार का हौसला अफजाई के लिए बुधवार को गाड़ियों का लंबा काफिला निकाला। वाहनों के हूटर बजाते हुए जितेंद्र सिंह के शाहदरा स्थित विवेक विहार के घर पहुंचे, जहां पूरे परिवार का फूल बरसाकर स्वागत किया।
गुरु तेग बहादुर अस्पताल, लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल और राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल से कोरोना मरीजों के शवों को पहले मोर्चरी पहुंचाना और बाद में अंतिम संस्कार के लिए निगम बोध घाट या कब्रिस्तान ले जाने का कार्य पूर्वी जिला के डीएम की तरफ से शहीद भगत सिंह सेवा दल संस्था को सौंपा गया था।
अप्रैल से अब तक इस संस्था के संस्थापक जितेंद्र सिंह शंटी अपनी संस्था के सदस्यों की मदद से 216 शवों का अंतिम संस्कार करा चुके हैं। जितेंद्र सिंह शंटी ने बताया कि कुछ दिन पहले दिलशाद गार्डन स्थित लैब में उन्होंने कोरोना जांच कराई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद उनका बेटा ज्योतजीत सिंह और पत्नी मंजीत कौर भी संक्रमित हो गए थे। सभी होम क्वारंटीन में थे।