बारिश से साफ हुई राजधानी की हवा
दिल्ली-एनसीआर में बीते दिनों हुई बारिश से हवा साफ हो गई है। मंगलवार को दिल्ली का प्रदूषण सूचकांक 141 दर्ज किया गया। यह इस साल का सबसे कम एक्यूआई है। आने वाले दिनों में कुछ और सुधार होने की उम्मीद है। मौसम विभाग की मानें तो दिन में धूप खिलने से मौसम कुछ गर्म हुआ और दिन में हल्की हवाएं चलीं। वहीं बीते दिनों बारिश से मौसम अनुकूल हुआ जिससे प्रदूषण के स्तर में गिरावट हुई। मंगलवार को दिल्ली का एक्यूआई सोमवार के मुकाबले 39 अंक कम रहा है। मंगलवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) मध्यम श्रेणी में रहा और हवा भी समग्र रूप से मध्यम श्रेणी में बनी हुई है।
कल भी चलेगी तेज हवा
भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली में मुख्य सतही हवाएं उत्तर-पश्चिम दिशा से चार किमी प्रतिघंटे की गति से चलीं। सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। दिन में आसमान साफ रहा। दोपहर बाद धूप खिली। हालांकि शाम होते ही आंशिक रूप से बादल छाए रहे। बुधवार को मुख्य सतही हवाएं उत्तर-पश्चिम दिशा से चार से 12 किमी प्रतिघंटे की गति से चलने की उम्मीद है। दिन में आंशिक रूप से आकाश साफ रहेगा। सुबह कोहरा छा सकता है। दिन में तेज सतही हवाएं 20-30 किमी प्रतिघंटे की गति से चल सकती हैं जिससे प्रदूषण के स्तर में सुधार होने की उम्मीद है।
दिन में 20.30 किमी प्रतिघंटे की गति से चल सकती है हवा
वहीं बृहस्पतिवार को दिल्ली में प्रमुख सतही हवा उत्तर-पश्चिम दिशाओं से 10 किमी प्रतिघंटे की गति से चल सकती हैं। सुबह आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कोहरा छाया रहेगा। दिन में तेज सतही हवाएं 20-30 किमी प्रतिघंटे की गति से चल सकती हैं। संस्थान ने अगले तीन दिन तक प्रदूषण का स्तर मध्यम श्रेणी में बने रहने की आशंका जताई है।
एनसीआर में सबसे साफ रहे गाजियाबाद और गुरुग्राम
बारिश और हवाओं से पूरे दिल्ली-एनसीआर में राहत मिली। गाजियाबाद और गुरुग्राम में प्रदूषण सूचकांक सबसे कम रहा। सीपीसीबी के अनुसार, एनसीआर में फरीदाबाद का एक्यूआई 138 रहा, यह मध्यम श्रेणी है। गाजियाबाद और गुरुग्राम का एक्यूआई 112, ग्रेटर नोएडा का 176 और नोएडा का एक्यूआई 130 रहा।