मार्च के आखिरी सप्ताह में भी मौसम में उतार चढ़ाव जारी है। प्रदेश के कई हिस्सों में शुक्रवार को बारिश और बर्फबारी से ठिठुरन का अहसास बढ़ा है। दिन के तापमान में गिरावट आई है। खराब मौसम के कारण कटड़ा-सांझीछत चापर सेवा प्रभावित रही। जिला राजोरी, पुंछ और शोपियां (कश्मीर) से जोड़ने वाले मुगल रोड पर बर्फबारी हुई है। यह मार्ग पहले से बंद चल रहा है। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रामबन और बनिहाल के बीच कई हिस्सों में खराब मौसम के कारण भूस्खलन और पहाड़ों से पत्थर गिरने की आशंका बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार शनिवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है।
उत्तर प्रदेश
यूपी के कई जिलों में मौसम का मिजाज शनिवार सुबह बदला रहा। हालांकि, 10 बजे के करीब धूप निकल आई और मौसम सामान्य नजर आने लगा। कई जिलों में सुबह बारिश हुई तो कई जगह तेज हवाएं चलीं और बादल छाए रहे।
बलरामपुर जिले में हवाओं के साथ शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सुबह बारिश हुई जिससे शहरी इलाकों में जलभराव हो गया। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के कारण गेहूं, सरसो, मसूर व मटर की फसल को नुकसान हो रहा है। मौसम ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
उत्तराखंड
उत्तराखंड में बीते कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। आज भी प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए हुए हैं। शुक्रवार रात की बारिश के कारण तापमान में गिरावट आ गई है। वहीं आज शनिवार सुबह गंगोत्री हाईवे धरासू बैंड के पास मलबा व बोल्डर आने से बंद हो गया।
छोटे वाहनों को कल्याणी धरासू फेड़ी मार्ग से डायवर्टकिया गया, लेकिन बड़े वाहनों की आवाजाही थमी हुई है। उत्तराखंड में चार दिन तक लगातार हिमपात से उच्च हिमालयी क्षेत्रों की चोटियां लकदक हो गई हैं। मार्च में जनवरी जैसी ठंड पड़ रही है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हिमवीर माइनस 20 डिग्री तापमान में ड्यूटी कर देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं।