हिमालयी राज्यों से आ रही बर्फीली हवाओं ने राष्ट्रीय राजधानी समेत पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड को और तीखा कर दिया है। पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत मैदानी राज्यों में कई जगह न्यूनतम पारा 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। पहाड़ी राज्यों में तो ज्यादातर जगह पारा पहले से ही शून्य से नीचे गोता लगा रहा है।
पंजाब से लेकर प. बंगाल तक घना कोहरा छाया रहा। शीतलहर भी चली। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक मौसम के ऐसे ही बने रहने का अनुमान है। दिल्ली में शनिवार सुबह सीजन की सबसे सर्द सुबह रही और न्यूनमत तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस रहा। दिल्ली के सभी प्रमुख मौसम निगरानी स्टेशनों में पारा पांच डिग्री से कम या उसके आसपास रहा। हालांकि, शनिवार को धूप निकलने से कुछ राहत मिली।
पहाड़ी राज्यों में कड़ाके की ठंड : जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड जारी है। इन राज्यों के ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान माइनस में चल रहा है। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में पारा शून्य से 5.7 डिग्री नीचे रहा। न्यूनतम तापमान शोपियां में सबसे कम माइनस 8.2 डिग्री दर्ज किया गया। लद्दाख के द्रास में पारा शून्य से 24.6 डिग्री नीचे रहा। यही हाल, उत्तराखंड के केदारनाथ, गंगोत्री और हेमकुंड साहिब में है। यहां बर्फ की मोटी परत जमी हुई है। मुक्तेश्वर में रात का पारा शून्य से 0.7 डिग्री नीचे रहा। हिमाचल के 10 से ज्यादा जिलों में तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। कल्पा में पारा माइनस 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पंजाब में होशियारपुर का तापमान सबसे कम 1.1 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि अमृतसर में 1.3 डिग्री रहा। हरियाणा में 3.5 डिग्री के साथ नारनौल सबसे ठंडा रहा। राजस्थान में सबसे ठंडा दौसा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री दर्ज किया गया। अलवर व श्रीगंगानगर में भी कड़ाके की सर्दी रही।
- यूपी में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। अयोध्या में न्यूनतम तापमान सबसे कम 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मेरठ, अलीगढ़, आगरा और गाजियाबाद में न्यूनतम तापमान क्रमश: 5.5, 5.2, 5.8 और 6.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
दिल्ली-एनसीआर में कड़ाके की ठंड तो पड़ ही रही है साथ ही हवा की सेहत भी खराब है और एक्यूआई 300 से ऊपर दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, शाम चार बजे दिल्ली में एक्यूआई 346, गुरुग्राम में 349, नोएडा में 348, ग्रेटर नोएडा में 338 व गाजियाबाद में 351 दर्ज किया गया। हवा में मुख्य रूप से पीएम 2.5 और पीएम 10 हानिकारक सूक्ष्मकण पाए गए। घने कोहरे ने मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।