दिल्ली में अप्रैल के महीने में ही मौसम हर दिन रंग बदल रहा है। तेज धूप परेशान करती है तो कभी हल्की बारिश से मौसम सुहावना हो जाता है। मौसम का ऐसा मिजाज मई के शुरुआत तक जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने पहले ही 27 अप्रैल से फिर मौसम का मिजाज बदलने की संभावना जताई थी। साथ ही 27 अप्रैल से एक मई तक हल्की बारिश होने के आसार जताए थे।
28 अप्रैल से गिरना शुरू होगा पारा
गुरुवार शाम को बादलों की लुकाछिपी के साथ तेज धूलभरी आंधी चली। इससे मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग के कल (बुधवार) के पूर्वानुमान के मुताबिक एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से गुरुवार को मौसम ने करवट ली है। इससे 28 अप्रैल से पारा गिरना शुरू होगा। तापमान 32-34 डिग्री तक पहुंच जाएगा। अमूमन 26 से 30 अप्रैल के बीच तापमान 39 डिग्री और एक से 5 मई तक तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जाता है।
20 अप्रैल से पहले दिल्ली में थी गर्मी
दिल्ली-एनसीआर में 20 अप्रैल से पहले गर्मी ने तेवर कड़े कर लिए थे। तापमान 40 डिग्री से ऊपर चल रहा था। लेकिन उसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के कारण कुछ इलाकों में हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया था। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई थी।