आसमान में हालांकि, हल्के बादलों की मौजूदगी बनी रही, लेकिन तेज धूप और मौसम में मौजूद नमी के चलते लोगों को खासी गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस अधिक के साथ 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री सेल्सियस अधिक होने के साथ 28.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे में हवा में नमी 87 से 59 फीसदी रही।
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए भी हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना जताई है। इस दौरान आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। ऐसे में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 34 और 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। मौसम विभाग के आंकडों के अनुसार, इस जुलाई माह में अभी तक 12 दिन ऐसे रहे हैं, जब बारिश रिकॉर्ड की गई है। लेकिन, इन 12 दिनों में सिर्फ एक दिन 10 जुलाई को ही 21 मिमी बारिश दिल्ली के सफदरजंग मौसम केन्द्र में रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा, बाकी दिनों में बारिश का आंकड़ा 20 मिमी से नीचे ही रहा है।
पूरी दिल्ली को भिगोने वाली बारिश नहीं होने के चलते दिल्ली के लोगों को ज्यादा गर्मी का सामना भी करना पड़ रहा है। आंकड़े के मुताबिक, अभी तक सफदरजंग मौसम केंद्र में कुल मिलाकर 151.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जोकि सामान्य से 13 फीसदी कम है। इससे पहले वर्ष 2014 के जुलाई माह में सिर्फ 103 मिमी बारिश हुई थी। वर्ष 2014 में छह दिन ऐसे भी रहे थे जब जुलाई में लोगों को लू का सामना करना पड़ा था।
वर्ष 2014 के बाद औसत से कम बरसे बदरा
| वर्ष |
वर्षा (मिलीमीटर) |
| 2025 |
151.3 |
| 2024 |
203.7 |
| 2023 |
384.6 |
| 2022 |
286.3 |
| 2021 |
507.1 |
| 2020 |
236.9 |
| 2019 |
199.2 |
| 2018 |
286.2 |
| 2017 |
170.5 |
| 2016 |
292.5 |
| 2015 |
235.2 |
| 2014 |
103.0 |