पुलिस के अनुसार शनिवार को पुलिस को सूचना मिली कि आदर्श नगर रेलवे स्टेशन के करनाल बाईपास के पास रेलवे पटरी पर एक युवक का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही सब्जी मंडी रेलवे थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने देखा कि युवक के गले के ऊपर का हिस्सा गायब है, जबकि शरीर के अन्य हिस्से में कोई चोट का निशान नहीं हैं।
आशंका है कि युवक ने पटरी पर सिर रखकर खुदकुशी की है। तलाशी के दौरान युवक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला और न ही पहचान के लिए उसके पास से कोई दस्तावेज ही मिले। पुलिस ने मौके पर छानबीन करने के बाद शव को पहचान के लिए पोस्टमार्टम गृह में रखवा दिया है। जांच के दौरान पता चला कि युवक की मौत बंदे भारत ट्रेन के चपेट में आने से हुई है। पुलिस ट्रेन के ड्राइवर का बयान दर्ज करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस ने घटनास्थल के आस पास के इलाके में रहने वाले लोगों से पूछताछ कर युवक की पहचान करने की कोशिश की, लेकिन किसी ने उसकी पहचान नहीं की है। पुलिस ने दिल्ली के तमाम पुलिस थानों को युवक का शव मिलने की जानकारी दी है। ताकि गायब हुए युवक की तलाश के लिए पहुंचे उसके परिजनों के जरिए युवक की पहचान की जा सके। रेलवे पुलिस उपायुक्त केपीएस मल्होत्रा ने बताया कि मृत युवक की उम्र करीब 25 से 30 साल के बीच है। उसकी शिनाख्त करने के बाद ही खुदकुशी के कारणों का खुलासा हो पाएगा।