राजधानी में हल्की बूंदाबांदी होने से उमस बढ़ गई है। इससे लोग चिपचिपी गर्मी के साथ उमस भरी गर्मी से दिनभर परेशान रहे। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक सबसे अधिक बारिश मयूर विहार में दर्ज की गई। वहीं, बूंदाबांदी होने से रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से तीन और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने सोमवार को हल्की बारिश होने का अनुमान जताया है। साथ ही, एक दिन के ब्रेक के बाद बृहस्पतिवार तक के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है।