दिल्ली एनसीआर में बुधवार शाम को मौसम ने करवट ली और कई इलाकों में तेज आंधी के बाद बारिश हुई। बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। दिल्ली-एनसीआर में सुबह मौसम साफ था लेकिन शाम होते होते मौसम का मिजाज बदल गया और तेज बारिश हुई। दिल्ली, नोएडा समेत कई इलाकों में तेज बारिश के बाद लोगों से राहत की सांस ली।
नोएडा के सेक्टर 20 में बारिश का नजारा देखें-
इसी के साथ बारिश और तेज हवाओं के कारण दिल्ली के निजामुद्दीन ब्रिज पर लगे सौर ऊर्जा पैनल गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालयी और आसपास के मैदानी भागों में गरज के साथ बारिश जारी रहेगी। दरअसल पश्चिम मध्य बंगाल की खाड़ी में 8 जून को कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण मौसम में बदलाव आया है।
दिल्ली स्थित आईएमडी के क्षेत्रीय प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने पूर्वानुमान में कहा था कि 10 जून तक गर्मी की कोई संभावना नहीं है। इसके अलावा दक्षिण पश्चिमी हवा और पश्चिमी विक्षोभ के मिला-जुला असर से 10 जून तक तेज हवा के साथ हल्की बारिश होगी।
आईएमडी ने कहा था कि इस साल उत्तर भारत में सामान्य से अधिक बारिश होगी, जबकि मध्य भारत और दक्षिणी प्रायद्वीप में सामान्य वर्षा होगी। बीते दिनों दिल्ली-एनसीआर में तेज गर्मी के बाद बारिश का जो सिलसिला चला उसके बाद से ही तापमान में तो गिरावट आई ही है तभी से बारिश का माहौल भी लगातार बना हुआ है। दक्षिण भारत में मॉनसून दस्तक दे चुका है। दो-तीन दिन में पूर्वोतर में भी मॉनसून की बारिश शुरू होने की संभावना है।