दिल्ली-एनसीआर रविवार शाम अचानक मौसम ने करवट ली। दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए हैं, जिसके साथ धूल भरी आंधी चल रही है और बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। दिल्ली में बारिश का यलो अलर्ट जारी है। खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर कुल चार उड़ानों का मार्ग परिवर्तित किया गया और कई उड़ानों में देरी हुई।
दिल्ली के अधिकांश भागों में 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने तथा 80 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से आंधी और बिजली गिरने की संभावना है। कुल मिलाकर मध्यम श्रेणी (15.4 मिमी) तक वर्षा हो सकती है। सफदरजंग में 17:05 बजे भारतीय मानक समय से 17:07 बजे भारतीय मानक समय तक एक और तूफान की सूचना मिली, जिसकी अधिकतम गति 80 किमी प्रति घंटा तक पहुंच गई। 16:28-16:30 बजे IST के दौरान पालम में आंधी आने की सूचना है, जिसकी अधिकतम गति 96 किमी प्रति घंटा होगी।
प्रगति मैदान में 76 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में चली हवा
पालम और झरोदा कलां (दक्षिण-पश्चिम दिल्ली) में 16:30 बजे 65 और 37 किमी प्रति घंटे की हवा चलने की सूचना है। 16:37 बजे IST के दौरान सफदरजंग में आंधी की सूचना है, जिसकी अधिकतम गति 66 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। प्रगति मैदान में 16:45 बजे 76 किमी प्रति घंटे की हवा चलने की सूचना है।
दिल्ली में चार जून तक बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने 4 जून तक बारिश की संभावना जताई है। वहीं, रविवार को आमतौर पर आसमान में बादल छाए रहेंगे। इस दौरान गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। इस दौरान तेज हवाएं 40-50 किमी प्रति घंटा की गति के साथ अस्थायी रूप से 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच जाएंगी।
चार उड़ानों को किया गया डायवर्ट
रविवार शाम खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर कुल चार उड़ानों का मार्ग परिवर्तित किया गया और कई उड़ानों में देरी हुई। एक सूत्र ने बताया कि खराब मौसम के कारण चंडीगढ़ और अमृतसर जाने वाली एक-एक उड़ान और जयपुर जाने वाली दो उड़ानों का मार्ग परिवर्तित किया गया। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24.com के अनुसार, रविवार को एयरपोर्ट पर 350 से अधिक उड़ानों में देरी हुई। इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट (आईजीआईए) देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट है।