अश्लीलता का आरोप लगाते हुए टीवी शो ‘बिग बॉस’ को बंद कराने की मांग को लेकर नेशनल अकाली दल के कार्यकर्ताओं ने रविवार को कीर्ति नगर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने ‘बिग बॉस’ के निर्माताओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग केंद्र सरकार से की।
प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी अध्यक्ष परमजीत सिंह पम्मा ने किया। कीर्ति नगर चौक पर प्रदर्शन में उन्होंने कहा कि बिग बॉस में अश्लीलता बढ़ती जा रही है। यह सभी मर्यादाओं को लांघ रहा है। परिवार के साथ बैठकर यह कार्यक्रम देखना मुश्किल है।
बच्चों पर इस कार्यक्रम का बहुत बुरा असर पड़ रहा है। उन्होंने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री से तुरंत हस्तक्षेप कर बिग बॉस को बंद कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से ही हम अपनी संस्कृति को बचा सकते है। पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को ज्ञापन भी दिया।