-सोशल मीडिया पर छात्रा का वीडियो वायरल
- खराब रास्तों के कारण नाश्ता, लंच और डिनर तक रहा छूट
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) परिसर में लगातार बारिश के कारण हुए जलभराव ने छात्रों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर एक छात्रा का करीब दो मिनट का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उसने परिसर के हालात पर प्रशासन और छात्र संघ को घेरा है।
वीडियो में छात्रा का कहना है कि लोहित, चंद्रभागा और बराक हॉस्टल के छात्रों को कक्षाओं और लाइब्रेरी तक जाने के लिए इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। बराक हॉस्टल में मेस न होने के कारण वहां की छात्राएं कोयना और शिप्रा जाती हैं, जबकि छात्र माही और मांडवी मेस पर निर्भर हैं। बारिश के चलते इस रास्ते पर इतना पानी भर गया है कि छात्रों का नाश्ता, दोपहर का खाना और रात का डिनर तक छूट जाता है। वीडियो में दिख रहा है कि छात्र बाउंड्री दीवार पर चढ़कर और घुटनों तक पानी में चलकर गुजरने को मजबूर हैं।
छात्रा ने यह भी बताया कि बराक हॉस्टल का वैकल्पिक रास्ता भी पूरी तरह जलमग्न हो चुका है। वह कहती हैं, अगर हम प्रशासन से मिलने जाते हैं तो वीसी मैम फंड की कमी का हवाला देती हैं, लेकिन वीसी हाउस के सामने की सड़क चकाचक है। छात्र खाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जबकि प्रशासन को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।'
उन्होंने छात्र संघ पर भी निशाना साधा, तथाकथित छात्र यूनियन दुनिया के बड़े मुद्दों में इतनी उलझी है कि उसे जेएनयू के छात्रों की बुनियादी सुविधाओं की समस्याएं नगण्य लगती हैं। अब छात्र खुद अपनी समस्या सुलझाएंगे।
वहीं जेएनयू प्रशासन की ओर से कोई औपचारिक बयान नहीं आया है, हालांकि एक अधिकारी ने बराक हॉस्टल के पास जलभराव होने की बात स्वीकारी, लेकिन दावा किया कि पानी कुछ देर में निकल जाता है।