फिरोजपुर झिरका। शहर के वॉर्ड नंबर-11 में गढ़ गेट के पास पिछले कई दिनों से पानी की पाइपलाइन लीकेज होने के कारण हजारों लीटर पानी रोजाना व्यर्थ बह रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को कई बार शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इससे लोगों में विभाग के प्रति नाराजगी है। वॉर्ड पार्षद महेंद्र कौशिक, पूर्व मार्केट कमेटी अध्यक्ष सुनील जैन और कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने विभागीय अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया। मीडिया द्वारा भी लीकेज के वीडियो और फोटो अधिकारियों तक पहुंचाए गए, लेकिन इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
लगातार हो रहे लीकेज से गली में जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार करीब एक सप्ताह पहले पानी से बने गड्ढे में एक टैंकर भी फंस गया था, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। लोगों ने यह भी आशंका जताई है कि गंदा पानी पाइपलाइन में मिल सकता है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरा बढ़ सकता है।वॉर्ड वासियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो मामला मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा के समक्ष उठाया जाएगा। विभाग के एक्सईएन अमित कुमार ने कहा कि शिकायत की जानकारी मिल चुकी है और कनिष्ठ अभियंता को जल्द मरम्मत के निर्देश दिए जाएंगे। वहीं जेई महबूब खान ने भी शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है।