पीने का पानी ले जाती महिला और युवती
- फोटो : अमर उजाला
यमुना के जलस्तर में अमोनिया की मात्रा बढ़ने से राजधानी के विभिन्न इलाकों में शुक्रवार सुबह पानी की आपूर्ति प्रभावित रहेगी। हालांकि, दोपहर बाद व्यवस्था ठीक हो जाएगी। जल बोर्ड के उपाध्यक्ष राघव चड्ढा ने बृहस्पतिवार को ट्वीट कर यह जानकारी साझा की और लोगों से पानी का सदुपयोग करने की अपील की।
राघव चड्ढा ने कहा कि हरियाणा से छोड़े जाने वाले पानी में अमोनिया की मात्रा बढ़ने से सोनिया विहार और भागीरथी जल शोधन संयंत्र प्रभावित रहेंगे। ऐसे में इससे पूर्वी, उत्तरी-पश्चिमी और दक्षिणी दिल्ली के इलाकों में पानी की आपूर्ति प्रभावित रहेगी। इनके अंतर्गत आने वाले इलाकों की बात करें तो गोकुलपुरी, सोनिया विहार, करावल नगर, बाबरपुर, ताहिरपुर, दिलशाद गार्डन, नंद नगरी, शाहदरा, लक्ष्मी नगर, गीता कॉलोनी, मयूर विहार, कोंडली, विवेक विहार, सीलमपुर, शास्त्री पार्क, ब्रह्मपुरी, गांधीनगर, सराय काले खां, ओखला, बदरपुर, सरिता विहार, वसंत कुंज, महरौली, ग्रेटर कैलाश, साउथ एक्सटेंशन, लाजपत नगर, लोधी रोड और काका नगर इलाकों में पानी की आपूर्ति प्रभावित रहेगी।