फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Water Crisis : बेहद गंभीर हुए हालात, दिल्ली में पानी की सप्लाई एक बार... टैंकर मिलेगा सात दिन बाद

Thu, 30 May 2024 05:25 AM IST
दुष्यंत शर्मा नितिन राजपूत, नई दिल्ली

सार

 तपती दिल्ली में पेयजल संकट भी परेशान कर रहा है। बाहरी दिल्ली में तड़के चार बजे की सप्लाई ने लोगों की दिनचर्या ही बिगाड़ दी है। पूरी रात पानी के इंतजार में कट रही है।
विज्ञापन
जल संकट - फोटो : self
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

लोगों पर इस समय दोहरी मार पड़ रही है। तपती दिल्ली में पेयजल संकट भी परेशान कर रहा है। बाहरी दिल्ली में तड़के चार बजे की सप्लाई ने लोगों की दिनचर्या ही बिगाड़ दी है। पूरी रात पानी के इंतजार में कट रही है। वहीं, टैंकर पर निर्भर बड़ी आबादी को भी पानी नसीब नहीं हो रहा है। टैंकर एक इलाके में सप्ताह भर बाद ही पहुंच रहा है। दिल्ली सरकार ने भी यमुना के जलस्तर में आई गिरावट को देखते हुए सख्ती बरतनी शुरू कर दी है। पानी बचाने की अपील करने के साथ पेयजल बर्बाद करने वालों पर जुर्माना लगा दिया है।

विज्ञापन


नजफगढ़ निवासी ज्योति मिश्र ने बताया कि पानी न आने से दिनचर्या बिगड़ गई है। पहले तो पानी कम आ रहा था, लेकिन किसी तरह से काम चलाया जा रहा था। इस समय पानी दिन में एक बार आ रहा है। हालात ये हैं कि पानी के लिए पड़ोसियों से मांगकर गुजारा करना पड़ रहा है। कई बार पानी की परेशानी को लेकर प्रशासन के पास गए, लेकिन आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। 

नंगली डेयरी निवासी दुर्गा ने बताया कि पानी न आने से घर के काम रुके हुए हैं। टैंकर के लिए बुकिंग की है, लेकिन जल बोर्ड की ओर से एक हफ्ते बाद का समय दिया गया है। इससे वे बोरिंग का पानी पीने को मजबूर हैं। घर में छोटे बच्चे हैं, जिससे अधिक परेशानी हो रही है। वहीं, सरोजिनी नगर में रहने वाले रोहित रावत ने बताया कि सुबह गंदा पानी आ रहा है।
विज्ञापन


बोतलबंद पानी से गुजारा : पूनम ने बताया कि रोजाना 5-6 बाल्टी पानी पड़ोसियों से मांगकर गुजारा करना पड़ रहा है। पेयजल के विकल्प के लिए अब बोरिंग करवाएंगी। 
वहीं, घर में पानी न होने पर लोग बाहर से बोतलबंद पानी खरीदकर गुजारा कर रहे हैं। आलम यह है कि एसी से गिरने वाले पानी को घरेलू कार्याें के लिए इस्तेमाल करना पड़ रहा है।

इन क्षेत्रों में पेयजल संकट : रोहिणी, बेगमपुर, इंद्र एन्क्लेव, रोहिणी सेक्टर-24 स्थित पाकेट-8,16,12,11 व 18, बेगम विहार, बेगमपुर, बेगमपुर गांव, राजीव नगर व कैलाश विहार में पानी की दिक्कत है। सुल्तानपुरी, मंगोलपुरी व जहांगीरपुरी के कुछ हिस्से में गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। यमुनापार के न्यू माडर्न शाहदरा, न्यू अशोक नगर, चिल्ला गांव, मध्य दिल्ली के सराय रोहिल्ला, मानकपुरा, डोलीवालान, प्रभात रोड, रैगरपुरा, बीडनपुरा, देव नगर, बापा नगर, नाइवालान, बलजीत नगर, रणजीत नगर, दक्षिणी पटेल नगर, ईस्ट पटेल नगर में जल आपूर्ति प्रभावित है। ओखला के फेज-2 में संजय कालोनी, संगम विहार, देवली में पानी की आपूर्ति नियमित नहीं है। वहीं, बाहरी दिल्ली के नजफगढ़ में पानी की आपूर्ति रात 3 बजे होती है।

पानी की बर्बादी की तो देना पड़ेगा दो हजार का जुर्माना
भीषण गर्मी में जलापूर्ति की कमी को देखते हुए दिल्ली सरकार की मंत्री आतिशी ने दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) को पानी की बर्बादी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए 200 टीमें तैनात करने और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ 2000 रुपये जुर्माना लगाने के निर्देश जारी किए हैं। आतिशी ने डीजेबी को लिखे पत्र में कहा कि दिल्ली में पानी की आपूर्ति में कमी हो रही है, क्योंकि हरियाणा दिल्ली के हिस्से का पानी नहीं दे रहा है। इन परिस्थितियों में जल संरक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है। पानी के दुरुपयोग पर लगाम लगाने की जरूरत है। साथ ही, निर्माण स्थलों या व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर किसी भी पानी के अवैध कनेक्शन को काट दिया जाए।
विज्ञापन

 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें