गुडग़ांव में शुक्रवार को वार्ड नंबर 34 की निगम पार्षद रमा रानी राठी ने सिकंदरपुर घोसी गांव के लिए एमजी रोड पर नगर निगम द्वारा बनाये गए वाटर बूस्टिंग स्टेशन की शुरूआत की। हालांकि इसकी शुरूआत के लिए मेयर विमल यादव को पहुंचना था, लेकिन दूसरी जगह व्यस्त होने के कारण वे शामिल नहीं हो सके, जिसके बाद गांव की बुजुर्ग महिलाओं के साथ मिलकर निगम पार्षद ने कार्यक्रम की शुरूआत की।
उन्होंने कहा कि यह बूस्टिंग स्टेशन 15 लाख लीटर क्षमता का है और लगभग 88 लाख रुपये की लागत से बनाया गया है। इसके शुरू होने से गांव में पानी की समस्या पूरी तरह से खत्म हो जाएगी। हालांकि गर्मी के चरम पर होने से इन दिनों सप्लाई की थोडी किल्लत चल रही है, लेकि न हुडा विभाग से बात की है, जल्द ही सप्लाई का समाधान करा दिया जाएगा। पानी की किल्लत होने तक निगम की तरफ से टैंकर की भी सुविधा है, जिसके लिए ग्रामीण पार्षद कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि गांव में लगभग 80 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य भी चल रहा है और एक मुख्य सड़क के लिए एस्टीमेट तैयार कर मंजूरी के लिए भेजा हुआ है। इसके बाद गांव में सभी सड़कों का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा।
इस दौरान ग्रामीणों ने सीवर व गांव में सफाई व्यवस्था को बेहतर करने व पानी की किल्लत को देखते हुए दो नए टयूबवैल लगवाने की मांग की। सफाई व्यवस्था के लिए मौके पर ही वरिष्ठ सफाई निरीक्षक को कहा गया और टयूबवैल लगवाने के लिए कार्यकारी अभियंता धर्मबीर मलिक ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया। निगम पार्षद ने आश्वासन दिया कि जल्द ही गांव के लाल डोरा के बाहर भी विकास कार्य कराए जाएंगे।
इस मौके पर जीसीसी के अध्यक्ष आरएस राठी, अमरनाथ शर्मा, छतर सिंह सरपंच, ग्रामीण जगपाल यादव, रविंद्र यादव, संजीव यादव, योगी यादव, रामकुमार यादव, टुन्नु यादव, रामरती, चंद्रवती, जानकी देवी, दयानंद यादव, मलखान सिंह समेत सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।