छावला क्षेत्र के कुतुब विहार इलाके में एक युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को उसके ब्वॉय फ्रैंड को असम से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सतीश कुमार ने किसी दूसरे शख्स के साथ दोस्ती के शक में दिशू कुमारी की हत्या कर दी थी।
आरोपी पहले से शादीशुदा है और उसका एक बच्चा भी है। वह अपने परिवार से अलग किराए के कमरे में रह रहा था। सतीश और युवती दोनों गुरुग्राम स्थित बहुराष्ट्रीय कंपनी में एक साथ काम करते थे। अपराध कथाएं दिखाने वाले टीवी शो क्राइम पेट्रोस तथा सावधान इंडिया से प्रेरणा लेकर हत्यारोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए भागने की कोशिश की थी।
द्वारका पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार मीणा ने बताया कि, 25 सितंबर को पुलिस को जानकारी मिली कि कुतुब विहार फेज एक के एक फ्लैट से बदबू आ रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब घर का दरवाजा खोला तो देखा कि घर में चारो ओर खून ही खून बिखरा हुआ है।
बेड पर देखा तो वहां पर एक युवती का शव दिखाई दिया। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज में पुलिस ने पाया कि युवती एक युवक के साथ फ्लैट में आई थी, लेकिन बाद में युवक स्कूटी से जाते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने जब मकान मालिक से बात की तो उन्होंने बताया कि सतीश कुमार नामक युवक को यह फ्लैट किराए पर दिया है। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि सतीश व युवती दोनों के फोन स्विच ऑफ आ रहा है। इसके बाद सर्विलांस की मदद से सतीश कुमार के करीबीयों के बारे में पुलिस ने जानकारी हासिल करनी शुरू की।
इस दौरान पुलिस को सतीश के कुछ करीबियों के बारे में जानकारी मिली, जिनसे पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पता चला कि आरोपी सतीश असम भाग गया है। पुलिस ने बिना समय गंवाए छावला के एसएचओ ज्ञानेंद्र राणा के नेतृत्व में टीम बनाई और टीम मंगलवार को असम पहुंच गई। इस दौरान सर्विलांस की मदद से पुलिस ने सतीश को डिब्रूगढ़ के एक होटल से गिरफ्तार कर लिया। सतीश यहां से भी भागने की फिराक में था और इसके लिए नौ हजार रुपये में टैक्सी भी बुक कर ली थी।
पूछताछ के दौरान सतीश ने पुलिस को बताया कि उसके पिता सेना से सेवानिवृत हैं और मां का देहांत वर्ष 2015 में हो गया। उसकी शादी वर्ष 2017 में हुई थी और दो वर्ष की बेटी भी है। वह अपने परिवार से अलग कुतुब विहार फेस वन में रहता था। वह गुरुग्राम में नौकरी कर रहा था, तभी से वह दिशु कुमारी को जानता था और दोनों में दोस्ती हो गई थी।