नीलम बाटा रोड स्थित एक होटल में सट्टेबाजी का खेल खेला जाता है। कोतवाली पुलिस ने बृहस्पतिवार देर रात होटल में छापामारी कार्रवाई कर तीन सटोरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक अच्छी कमाई की लालच में होटल मालिक और प्रबंधक भी सटोरियों का साथ दे रहे थे, फिलहाल दोनों फरार हैं।
कोतवाली प्रभारी भरत कुमार ने बताया कि काफी समय से शिकायत मिल रही थी कि नीलम बाटा रोड स्थित होटलों में ऑनलाइन कसीनो और सट्टे का कारोबार चल रहा है।
बृहस्पतिवार को मुखबिर ने सूचना दी कि इंग्लैंड के क्रिकेट मैच को लेकर मिलेनियम होटल से सट्टा कारोबार चल रहा है। इस पर पुलिस ने होटल में छापा मारा।
होटल की पहली मंजिल पर बने एक कमरे से पुलिस ने टाउन नंबर एक के रहने वाले सुमित, चंदन व शशांक को सट्टा खिलवाते हुए गिरफ्तार किया। उनके पास से एक एलसीडी टीवी, आठ मोबाइल फोन, पर्चियां, कैलकुलेटर और लैपटॉप बरामद किया गया।
आरोप है कि होटल मालिक संजय और मैनेजर आशू की मिलीभगत से मैच पर सट्टा लगाया जा रहा था। कोतवाली इंचार्ज ने बताया कि तीनों से पूछताछ की जा रही है। अन्य आरोपी फरार हैं।