मोहना रोड स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक सामान के गोदाम में मंगलवार देर रात भीषण आग लग गई। गोदाम के नजदीक तीन ऑफिस और वाहनों का सर्विस स्टेशन भी आग की चपेट में आ गया।
गोदाम मालिक ने करोड़ों रुपये के नुकसान का दावा किया है। आरोप है कि सूचना देने के तीन घंटे बाद दमकल की गाड़ियां वहां पहुंचीं। मनोज सिंगला का अंबेडकर चौक पर फाइल इलेक्ट्रॉनिक के नाम से शोरूम है।
मोहना रोड पर उनका इलेक्ट्रॉनिक सामान का गोदाम है। इसमें रेफ्रिजरेटर, कंप्यूटर, एसी, एलईडी आदि रखे हुए थे। मंगलवार देर रात करीब दो बजे जब गोदाम के पड़ोस में रहने वाले कंवर सिंह रावत पानी पीने के लिए उठे तो उन्होंने देखा कि गोदाम के अंदर से धूआं उठ रहा है।
उन्होंने तुरंत 100 नंबर पर संपर्क किया और गोदाम मालिक को सूचना दे दी। गोदाम मालिक अपने परिजनों के साथ मौके पर पहुंच गए, तब तक स्थिति बिगड़ चुकी थी। आग की लपटें छत से निकलने लगीं।