फरीदाबाद वार्ड-6 के पार्षद सुरेंद्र अग्रवाल और वार्ड 7 के पार्षद बीर सिंह नैन ने सोमवार को मेयर सुमन बाला से मिलकर अपनी शिकायत दर्ज कराई और भेदभाव को रोकने की मांग की।
दोनों पार्षदों ने कहा कि ‘मैडम, जब सत्ता पार्टी के पार्षदों का काम नहीं होगा तो किसका काम होगा।’ इस बात पर मेयर ने मुख्य अभियंता ओपी गोयल, एसई अनिल मेहता और एक्सईएन विजय सिंह ढाका को तलब कर 40 वार्डों में समान रूप से विकास कार्य कराने के निर्देश दिए।
दोनों पार्षदों का आरोप है कि निगम अधिकारी किसी वार्ड में तो 40 करोड़ के विकास कार्य करा रहे हैं तो किसी के वार्ड में दो लाख रुपये का। यहां तक की भाजपा पार्षदों के वार्डों में भी विकास कार्य कराने में भेदभाव बरता जा रहा है।
सोमवार को उक्त पार्षदों ने मेयर सुमन बाला और सीनियर डिप्टी मेयर देवेंद्र चौधरी से मेयर कार्यालय में मुलाकात की और उन्हें अफसरों की शिकायत दर्ज कराई। मेयर ने मुख्य अभियंता ओपी गोयल, एसई अनिल मेहता और एसक्सईएन विजय सिंह ढाका को तलब किया और उनसे बगैर किसी भेदभाव के समान रूप से विकास कार्य कराने के निर्देश दिए।
मेयर ने निगम अफसरों से साफ कहा कि कार्य करने का ढंग बदल लें, नहीं तो उन्हें काम कराना आता है। पार्षदों का आरोप है कि निगम अधिकारी जानबूझ कर भेदभाव का रवैया अपना रहे हैं। जबकि काम सीएम अनाउंसमेंट के तहत होना है।
पानी व सीवर की समस्या का भी रोया रोना
पार्षदों ने वार्डों में पानी व सीवर जाम की समस्या का भी रोना रोया। उनका कहना था कि अधिकारियों को फोन कर समस्या बताई जाती है, लेकिन समाधान नहीं होता। पहली बात तो अफसरों का फोन नहीं उठता। यदि उठ भी गया तो आज-कल में काम होने के बहाना बना दिया जाता है। पार्षद नैन ने बताया कि उनके वार्ड में पानी की समस्या बनी हुई है। हार्डवेयर से प्याली चौक पर पानी की पाइप लाइन अभी तक नहीं डाली गई है। वार्ड 6 के पार्षद ने कहा कि लोग पीने के लिए निजी टैंकरों से पानी खरीद रहे हैं। वहीं मुख्य अभियंता गोयल ने एक सप्ताह में समस्या का समाधान कराने का भरोसा दिया।