नई दिल्ली। अपराध शाखा ने चाची की हत्या के आरोप में वांछित आरोपी सोनू उर्फ अजय को 13 साल बाद गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ वेलकम थाने में हत्या का मामला दर्ज था। मामले में कई आरोपी पहले से गिरफ्तार है लेकिन सोनू फरार था। आरोपी को अदालत ने भी भगोड़ा घोषित कर दिया था।
अपराध शाखा की साइबर सेल के पुलिस उपायुक्त आदित्य गौतम ने बताया कि आरोपी अशोक, भरत, हीरा, सोनू और बबलू ने राजरानी उर्फ राजकुमारी (भरत की दूसरी पत्नी) पर मिट्टी का तेल डालकर 29 जनवरी, 2012 को आग लगा दी थी। पीड़िता से पति की संपत्ति पर उनके दावे को लेकर विवाद चल रहा था। अदालत ने 9 जुलाई, 2012 को आरोपी सोनू, अशोक कुमार, हीरा देवी और बबलू को घोषित बदमाश घोषित कर दिया था। बाद में अशोक कुमार और हीरा देवी को गिरफ्तार कर लिया गया लेकिन सोनू और बबलू फरार थे। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि एसीपी अनिल शर्मा व इंस्पेक्टर मंजीत कुमार की टीम आरोपियों की तलाश कर रही थी। इस टीम ने सीताराम बाजार में घेराबंदी कर डीडीए मार्केट, वेलकम निवासी आरोपी सोनू उर्फ अजय (43) को 10 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया। ब्यूरो