मंगलवार सुबह दिल्ली के गीता कॉलोनी इलाके में क्रॉस फायरिंग के बाद स्पेशल स्टाफ ने एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। दरअसल शाहदरा जिले के स्पेशल स्टाफ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सीबू नाम का बदमाश इलाके में आने वाला है।
सूचना मिलते ही उसे पकड़ने के लिए ट्रैप लगाया गया। जब सीबू को पुलिस टीम ने रुकने के लिए कहा गया तो उसने स्पेशल स्टाफ पर चार राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई करते हुए दिल्ली पुलिस की टीम की तरफ से भी पांच राउंड फायरिंग की गई।
इस दौरान एक गोली सीबू के पैर में लगी जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। सीबू के ऊपर कई आपराधिक मुकद्दमे दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक सीबू ने पुलिस पर चार राउंड फायरिंग की, जिसमें से दो गोली पुलिस के दो जवानों की जैकेट पर लगी। लेकिन बुलेट प्रूफ जैकेट पहने होने की वजह से कोई भी जवान घायल नहीं हुआ।