बवाना में हुई मुठभेड़, बदमाश पर दर्ज हैं हत्या, लूटपाट और झपटमारी के दस मामले
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बवाना में बृहस्पतिवार देर रात बाहरी-उत्तरी जिला स्पेशल स्टाफ और वांछित बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई। पैर में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने बदमाश को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। गिरफ्तार बदमाश की पहचान आफताब आलम के रूप में हुई है। उसपर लूट, झपटमारी और हत्या के मामले दर्ज हैं। 2024 में जेल से छूटने के बाद से वह फिर आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहा था।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि बदमाश के बारे में बृहस्पतिवार देर रात सूचना मिली। स्पेशल स्टाफ इंस्पेक्टर आनंद कुमार झा को सूचना मिली कि आफताब आलम काले रंग की स्कूटी पर वारदात को अंजाम देने के लिए बवाना में घूम रहा है। जानकारी मिलते ही स्पेशल स्टाफ की टीम बदमाश की तलाश में जुट गई। नरेला औद्योगिक क्षेत्र स्थित बवाना जी ब्लाक के पास पुलिस ने काले रंग की स्कूटी पर पर एक व्यक्ति को आते देखा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। टीम को देखते ही उसने भागने की कोशिश की और भागते हुए पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए तीन राउंड फायरिंग की। एक गोली बदमाश के दाहिने पैर में लगी। उसके बाद पुलिस ने बदमाश को दबोच लिया। उसकी पहचान आफताब आलम उर्फ अत्ती के रूप में हुई। वह बवाना स्थित जेजे कॉलोनी में रहता है।
-
युवक की चाकू और ईंट से सिर कुचलकर कर दी थी हत्या
जांच में पता चला कि आफताब ने 2024 में बवाना जेजे कॉलोनी में धीरज नाम के युवक की बेरहमी से हत्या कर दी थी। आरोपी ने पहले धीरज का सिर ईंट से कुचला और फिर उसकी चाकू गोदकर हत्या कर दी थी। इसके अलावा वह झपटमारी करता था। झपटमारी और लूटपाट का विरोध करने पर वह पीड़ित को चाकू मारने से परहेज नहीं करता था। पुलिस बदमाश से पूछताछ कर आपराधिक वारदातों के बारे में जानकारी हासिल कर रही है।