गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट के लिए 62.36 फीसदी मतदान हुआ है। कुछ स्थानों पर ईवीएम खराब होने से मतदान बाधित हुआ। वहीं, कहीं-कहीं समर्थकों में कहा-सुनी के अलावा मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ है।
भट्टा-पारसौल गांव में सुबह से ही मतदाता पहुंचे, लेकिन एक बूथ पर मात्र 11 वोट पड़ने के बाद ईवीएम खराब हो गई।
करीब एक घंटे बाद दूसरी ईवीएम लाई गई, लेकिन उसमें भी खराबी आ गई और फिर उसे भी बदलना पड़ा। यहां करीब दो घंटे मतदान बाधित रहा।
पढ़ें: दिल्ली एनसीआर में वोटों की बारिश, टूटे कई रिकॉर्ड
जोनल मजिस्ट्रेट ने कहा कि वह तीनों मशीनों को एक साथ सील करेंगे। ईवीएम में खराबी चचूला में भी सामने आई, यहां के एक बूथ पर 60 वोट पड़ने के बाद ईवीएम खराब हो गई।
करीब 20 मिनट बाद नई मशीन आने पर मतदान शुरू हुआ। बागपुरा में भी ईवीएम खराबी की वजह से 30 मिनट मतदान रुका रहा। कनरसा गांव में ईवीएम चालू ही नहीं हो सकी। नई मशीन आने पर करीब 25 मिनट बाद मतदान शुरू हुआ।