अध्यक्ष पद के लिए छ और डूटा कार्यकारिणी के लिए 25 उम्मीदवार मैदान में
सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा मतदान, एएडीटीए और डीटीएफ के बीच कड़ा मुकाबला
एनडीटीएफ भी मैदान में, एनडीटीएफ से अलग होकर बना संगठन भी दिखा रहा दम-खम
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। डीयू में शिक्षक आज दिल्ली विश्वविद्यालय शिक्षक संघ चुनाव (डूटा) के लिए मतदान कर विभिन्न शिक्षक संगठनों की ओर से उतरे उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। इस बार का मुख्य मुकाबला एएडीटीए, डीटीएफ और एनडीटीएफ के बीच है। हालांकि, एनडीटीएफ से अलग होकर बने शिक्षक संगठन विश्वविद्यालय शिक्षक संघ ने मुकाबले को रोचक बना दिया है।
चुनाव के कारण डीयू में कक्षाएं स्थगित रहेंगी। डूटा चुनाव में उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला 9,873 से शिक्षक मतदाता करेंगे। डूटा चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए इस साल कुल छ उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें डीटीएफ के राजीब रे, एएडीटीए के डॉ. राजेश झा, एनडीटीएफ के प्रो. वीएस नेगी, विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के कमलेश रघुवंशी और अन्य दो उम्मीदवार शामिल हैं। वहीं, 15 सदस्यीय डूटा कार्यकारिणी के लिए कुल 25 उम्मीदवार मैदान में हैं। मतदान सुबह 10 बजे शुरू होगा और शाम पांच बजे तक आर्ट्स फैकल्टी व सत्यकाम भवन में होगा। इसके कुछ ही देर बाद मतगणना शुरू हो जाएगी। शनिवार तक वोटों की गिनती पूरी होने की संभावना है। डीयू की ओर से कॉलेजों को शिक्षण को स्थगित रखने को कहा है।