नई दिल्ली के बदरपुर इलाके में ताजपुर पहाड़ी के रोड पर कथित 250 वोटर कार्ड मिलने के मामले की जांच कर पुलिस ने दिल्ली चुनाव आयोग को रिपोर्ट भी भेज दी है। बताया जा रहा है कि पोस्ट ऑफिस से वोटर कार्ड बांटने वाले की गलती से कुछ वोटर कार्ड इधर-उधर हुए हैं।
पुलिस शुरूआती जांच में सड़क पर किसी तरह के वोटर कार्ड मिलने की बात से पूरी तरह इंकार कर रही है। आप दक्षिण लोकसभा से प्रत्याशी राघव चड्ढा ने आरोप लगाया था कि ताजपुर पहाड़ी पर सड़कों पर करीब 250 वोटर कार्ड मिले थे। आप ने इसकी शिकायत चुनाव आयोग को थी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जांच में पता चला है कि बदरपुर पोस्ट ऑफिस से मोनू को 800 वोटर कार्ड बांटने के लिए दिए गए थे। उसे अनुबंध के आधार पर डाक बांटने के लिए रखा हुआ है। मोनू ने बताया कि उसने करीब 500 वोटर कार्ड बांटे थे, जबकि 300 वोटर कार्ड जान-पहचान वाले धीर सिंह की दुकान पर रखे थे।
कुछ लोग अपने वोटर कार्ड वहां से ले गए और कुछ दुकान पर रह गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदरपुर की ताजपुर पहाड़ी की सड़क पर कोई वोटर कार्ड पहुंचा। बदरपुर पोस्ट ऑफिस के हैड पोस्ट मास्टर, वोटर कार्ड बांटने वाले मोनू व दुकानदार धीरसिंह के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। इन तथ्यों के आधार पर रिपोर्ट चुनाव आयोग को भेज दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस मामले में पुलिस को ना तो किसी ने कोई शिकायत दी है और न ही किसी ने वोटर कार्ड मिलने की सूचना दी है। अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। हो सकता है जांच के बाद इस मामले में कोई एफआईआर हो। आम आदमी पार्टी ने भी पुलिस को कोई शिकायत नहीं की थी। ये वोटर कार्ड आम आदमी पार्टी द्वारा लगाए गए कैंप में बनवाए गए थे।