क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे विराट कोहली के नाम के साथ एक और सम्मान जुड़ने वाला है।
बांग्लादेश में होने जा रहे टी-20 वर्ल्डकप कप में भारतीय टीम की अगुवाई कर रहे कोहली भारत वापसी के साथ बीएसएफ के कमांडेंट रैंक के अधिकारी बन जाएंगे। बीएसएफ महानिदेशक सुभाष जोशी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने रविवार को गुड़गांव स्थित बीएसएफ 150 बटालियन में बताया कि वह पहले ही बीएसएफ के ब्रांड एंबेसडर नियुक्त हैं। अब उन्हें कमांडेंट रैंक से सम्मानित करने की तैयारी चल रही है।
हालांकि, उनके व्यस्त शेड्यूल की वजह से इसमें देरी हो रही है। उनके मुताबिक, राष्ट्रपति के हाथों कोहली को कमांडेंट रैंक से सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए बीएसएफ ने राष्ट्रपति को प्रस्ताव भेज दिया है। ऐसे में टी-20 वर्ल्ड कप दौरे के बाद भारत वापसी पर उन्हें सम्मानित किया जा सकता है।
सम्मान पाने वाले चौथे क्रिकेटर होंगे
सेना द्वारा इस पद से सम्मानित किए जाने वाले कोहली चौथे क्रिकेटर होंगे। इससे पहले कपिल देव को भारतीय सेना लेफ्टिनेंट कर्नल, सचिन तेंदुलकर और महेंद्र सिंह धोनी को भारतीय वायुसेना ग्रुप कप्तान और लेफ्टिनेंट कर्नल के रैंक से सम्मानित कर चुका है।
अन्य खिलाड़ियों को जोड़ेगा बीएसएफ
बीएसएफ अन्य खिलाड़ियों को भी जोड़ने की तैयारी कर रहा है। हालांकि, अधिकारियों ने यह खुलासा नहीं किया है कि वे खिलाड़ी कौन होंगे। लेकिन उनका कहना है कि युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए आने वाले समय में कुछ और खिलाड़ियों के चेहरे बीएसएफ में दिखाई देंगे।