फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फिर जानलेवा बनी आंधी, महिला समेत चार की मौत

Sat, 14 Jun 2014 01:31 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, फरीदाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
दिल्ली एनसीआर में बृहस्पतिवार शाम से शुरू हुई आंधी अब जानलेवा बन गई है। थाना सदर बल्लभगढ़ के सीकरी पुलिस चौकी क्षेत्र में आंधी से दीवार, खंभा और टीन शेड गिर गया, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई।
विज्ञापन


इनमें एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए हैं। पुलिस के मुताबिक, पहला हादसा प्याला गांव में हुआ।

यहां बाल दीवान (45) अपने गांव के  कुछ लोगों के साथ रहकर मजदूरी करता था। बाल दीवान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के महोबा के सालठ गांव का रहने वाला था।

उसकी पत्नी व बच्चे सालठ गांव में ही रहते हैं। बताया गया है कि बृहस्पतिवार शाम करीब 5:30 बजे बाल दीवान अपने कुछ साथियों के साथ गांव प्याला में था। इसी दौरान तेज आंधी आ गई।

सभी लोग आंधी से बचने के लिए एक दीवार के सहारे खड़े हो गए। कुछ देर बाद दीवार ढह गई, जिससे बाल दीवान उसके नीचे दब गया। इस हादसे में बाल दीवान का सिर कुचल गया। लोगों ने उसे नीचे से निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
विज्ञापन


दूसरा हादसा सीकरी क्षेत्र में आदर्श नगर के हरि विहार में हुआ। यहां गफ्फार नामक व्यक्ति अपने परिवार के साथ रहता था। शाम को आंधी के समय वह घर से बाहर था। इसी दौरान एक खंभा उसके ऊपर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

उसे नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। एक अन्य मामले में सीकरी क्षेत्र में चंद्रकला (35) नामक महिला आंधी के कारण टीन शेड गिरने से उसकी चपेट में आ गई।

पुलिस के मुताबिक, चंद्रकला पलवल में रहती थी, वह किसी परिचित के घर आई थी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

छत पर गिरी दीवार, बुजुर्ग की मौत
दिल्ली में गोकलपुरी इलाके में बृहस्पतिवार रात आई आंधी के दौरान एक निर्माणाधीन मकान की दीवार पड़ोस के छत पर गिर गई। हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी समेत परिवार के चार अन्य सदस्य जख्मी हो गए। सभी घायलों को जीटीबी अस्पताल पहुंचाया गया।

जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक रामप्रसाद (70) परिवार  समेत चांदबाग, गली संख्या-1 में रहता था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा बेटा गोपी है। गोपी अपनी पत्नी और बेटे के साथ वहीं रहता है।

बृहस्पतिवार रात रामप्रसाद और उसकी पत्नी छत पर सो रहे थे। जबकि बेटा गोपी अपने परिवार के साथ ग्राउंड फ्लोर पर सो रहा था। देर रात आई आंधी के दौरान पड़ोस के निर्माणाधीन मकान की तीसरी मंजिल की दीवार उनकी छत पर गिर गई।

दीवार की चपेट में आने से रामप्रसाद और उसकी पत्नी जख्मी हो गए। हादसे में छत का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और नीचे कमरे में गिर गया। जिसके चपेट में आने से गोपी उसकी पत्नी और उसका बेटा जख्मी हो गए। घटना के बाद आसपास के लोग वहां पहुंचे और इसकी जानकारी पुलिस और दमकल विभाग को दी।

सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने रामप्रसाद को मृत घोषित कर दिया। जबकि घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस के मुताबिक मकान का निर्माण करा रहे मालिक के खिलाफ लापरवाही से हुई मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की तफ्तीश की जा रही है।
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें