एयर स्ट्राइक के जश्न में कोतवाली क्षेत्र के गांव बदनौली में मंगलवार रात युवाओं की भीड़ ने जुलूस निकालते हुए समुदाय विशेष के घरों पर पथराव, तोड़फोड़ की और बवाल काटा। एक महिला के साथ भी मारपीट की गई। बताया गया कि धार्मिकस्थल पर गंदगी भी फेंकी। उपद्रव की सूचना पर रात में ही पुलिस-प्रशासन के अधिकारी पहुंचे और लीपापोती कर लौट आए। उधर, एएसपी का दावा है कि आरोपियों के नाम पुलिस को मिल गए हैं, सभी के खिलाफ मुचलकों की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात करीब सात बजे 300 युवाओं की भीड़ ने हवाई हमले के जश्न में गांव में जुलूस निकाला। कुछ युवकों ने समुदाय विशेष की बस्ती से गुजरते समय धार्मिक स्थल पर गंदगी के साथ पत्थर भी फेंके। युवाओं को समझाने आए एक व्यक्ति के साथ भी अभद्रता की गई।
उग्र भीड़ ने एक समुदाय के करीब 40 घरों के बाहर से दरवाजों पर धक्कामुक्की कर जमकर उत्पात मचाया। इससे कई घरों के दरवाजे और कुंदे भी टूट गए। उपद्रव होता देख लोगों ने पहले ही गेट बंद कर लिये थे। बाहर आकर विरोध करने पर एक महिला के साथ भी मारपीट की गई।
घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दिए जाने पर रात में ही एसडीएम सत्यप्रकाश, सीओ राजेश कुमार और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक महावीर सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। तब तक आरोपी वहां से भाग चुके थे। बताया गया है कि पुलिस कर्मियों ने वहां पहुंचते ही सबसे पहले धार्मिक स्थल पर फैली गंदगी को साफ कराया।
बाद में कोतवाल ने आरोपियों के नाम डायरी में लिखे और अधिकारियों के साथ लौट आए। अधिकारियों की लापरवाही का अंदाज इसी से लगाया जा सकता है कि वहां पुलिस बल तक तैनात नहीं किया गया। मामले में किसी की गिरफ्तारी भी नहीं हुई, जिससे लोग भयभीत हैं।
''रात में रैली निकालने के दौरान कुछ युवाओं ने हंगामा किया था। तत्काल गांव में पहुंचकर मामले को शांत करा दिया गया था। - महावीर सिंह, कोतवाली निरीक्षक
सीओ ने बताया था मामला रात में ही शांत हो गया था। फिर भी एहतियातन आरोपियों को मुचलका पाबंद किया जाएगा। किसी को भी कानून हाथ में लेने की छूट नहीं दी जाएगी।'' -
राम मोहन सिंह, एएसपी