मेट्रो की पिंक लाइन पर बन रहे विनोद नगर मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर मंडावली करने को लेकर मुलाकात करने पहुंचे स्थानीय सांसद, विधायक और आरडब्ल्यूए के सदस्यों को उपमुख्यमंत्री ने सकारात्मक आश्वासन दिया है।
पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से आम आदमी पार्टी की प्रभारी आतिशी, लक्ष्मीनगर से विधायक नितिन त्यागी और आरडब्ल्यूए साकेत सेवा सुधार समिति, साकेत ब्लॉक मंडावली के अध्यक्ष हिंमाशु चौधरी के नेतृत्व में मंडावली के लोग शुक्रवार को दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया से मुलाकात करने पहुंचे। इस दौरान लोगों ने उपमुख्यमंत्री से मेट्रो स्टेशन का नाम मंडावली कराने का अनुरोध किया।
लक्ष्मी नगर के विधायक और स्टेट नेम्स अथॉरिटी के सदस्य नितिन त्यागी ने कहा कि दिल्ली में मंडावली की अलग पहचान है। इसलिए एक मेट्रो स्टेशन का नाम मंडावली होना ही चाहिए। मंडावली गांव लगभग 1000 एकड़ में फैला हुआ है। यहां डीडीए ने कई कॉलोनियां बसाई है।
लोगों की अपील पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मंडावली पुराना गांव है और ये यहां के लोगों के मान-सम्मान का ख्याल रखा जाएगा। उन्होंने लोगों की भावनाओं का ख्याल रखते हुए मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर मंडावली के नाम पर कराने का आश्वासन दिया है।