.-फर्श बाजार थाने के भीतर बनाया गया था वीडियो, सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने की कार्रवाई
विज्ञापन
-पुलिस उपायुक्त ने जिले के सभी पुलिसकर्मियों को दी हिदायत, बाहरी लोगों को निजी और आधिकारिक कमरों में प्रवेश नहीं देने के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो पूर्वी दिल्ली। फर्श बाजार थाने के अंदर एक बेड पर आराम करते वकील का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) भरत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन्हें डिस्ट्रिक्ट लाइन भेज दिया गया है। पुलिस उपायुक्त राजेंद्र प्रसाद मीणा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कार्रवाई की जानकारी दी।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि वीडियो में दिखाई दे रहा वकील एएसआई भरत का परिचित था। बताया गया है कि एएसआई के बच्चे भी वकालत करते हैं और उसी वकील के साथ प्रैक्टिस कर रहे हैं। इसी जान-पहचान के चलते वकील फर्श बाजार थाने पहुंचा। उसने एएसआई को अपनी तबीयत खराब होने की बात बताई और कुछ देर आराम करने की अनुमति मांगी। परिचित होने के कारण एएसआई ने उसे थाने के अंदर एक कमरे में रखे बेड पर लेटने की इजाजत दे दी।
इसी दौरान वकील ने चुपके से अपना वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। बाद में उसने इस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। रविवार को वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और थाने के अंदर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे। मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा तो इसकी जांच कराई गई। छानबीन के बाद एएसआई भरत के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त आरपी मीणा ने इस घटना के बाद जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।