इसे अनदेखी कहें या लापरवाही नोएडा सेक्टर-119 करोड़ों रुपये की लागत से बने पार्क का हाल बदहाल है। हालात ये है कि यहां न तो व्यक्ति चैन से बैठ सकता है और न हीं सुकून के दो पल बिता सकता है।
भाग दौड़ भरी जिंदगी में स्थानीय निवासी दो पल प्रकृति की गोद में फुर्सत से बिता सकें यह भी सेक्टर-119 के निवासियों को मयस्सर नहीं हो पा रहा है।
आम्रपाली प्लेटिनम के पास बने पार्क पर आवारा पशुओं का कब्जा है। इसे पशुओं के चारागाह के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है। इस कारण पार्क में कुछ माह पहले लगाए गए पौधे सूख चुके हैं या फिर पशुओं का निवाला बन चुके हैं।
टूटी पड़ी हैं गेट और कुर्सियां
हाईटेक सिटी के इस पार्क के गेट टूट चुके हैं। इस कारण बिना किसी रोक-टोक के पशु पार्क में घुस जाते हैं और बचे हुए पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसके साथ ही पार्क में गंदगी फैलाते हैं।
कूड़े से अटा पड़ा है पार्क
बदहाल हालत में पहुंच चुका पार्क अब कूड़ा डालने के काम आ रहा है। आसपास के निवासी और कंस्ट्रक्शन कंपनी में कार्यरत लोग कचरा फेंक देते हैं। इस कारण पार्क से ज्यादा कूड़ा घर लगता है।