दिल्ली-यूपी सीमा सील होने की वजह से बीते कुछ दिन से जाम की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए शुक्रवार को नेशनल हाईवे- 9 पूरी तरह से खोल दिया गया। फ्लाईओवर खुलने से धीमा पड़ा ट्रैफिक रफ्तार से चलने लगा है।
पुलिस ने यूपी गेट से बैरिकेड भी हटा दिया है। इसके अलावा वाहनों की सघन जांच भी नहीं की गई। हालांकि सुबह और शाम वाहन चालकों को कुछ परेशानी हुई।
गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण की बढ़ती दर को देखते हुए दिल्ली सरकार के आदेश पर पुलिस ने बीते दिनों एनएच 9 फ्लाईओवर को विनोद नगर मेट्रो डिपो के पास बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया गया था।
उधर, गाजियाबाद की तरफ से भी फ्लाईओवर बंद था। दोनों तरफ से फ्लाईओवर बंद होने से ट्रैफिक का पूरा दबाव हाईवे के लूप लेन पर आ गया था। इस वजह से वाहन चालकों को खासी परेशानी हो रही थी। गाजीपुर बॉर्डर पर दोनों राज्यों की पुलिस की ओर से एंट्री पास चेकिंग की जा रही थी। इससे लंबा ट्रैफिक जाम लग रहा था।
उधर, देर शाम दिल्ली पुलिस ने अक्षरधाम मंदिर के पास लूप लेन को बैरियर लगाकर बंद कर दिया। इसकी वजह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।