- पश्चिम जिला पुलिस ने अलग अलग जगहों से किया गिरफ्तार, दो बदमाश मई में जेल से हुए थे रिहा, छह मामले सुलझाने का दावा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। पश्चिम जिला पुलिस ने जेल से निकलने के बाद वाहन चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। तीनों अलग-अलग इलाके से गिरफ्तार किए गए हैं। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने तीन स्कूटी और तीन बाइक बरामद किया है। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान अजय सिंह, संजू और खेमचंद के रूप में हुई है। अजय पर पहले से सात, संजू पर 15 और खेमचंद पर आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त विचित्र वीर ने बताया कि 8 जुलाई की रात राजौरी गार्डन थाना पुलिस इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने डिस्ट्रिक्ट पार्क के पास एक संदिग्ध को बाइक चलाते हुए देखा। रुकने का इशारा करने पर बदमाश बाइक को वहीं छोड़कर भागने लगा। जिसे पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया। उसकी पहचान सुभाष नगर निवासी अजय सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने उसके निशानदेही पर चोरी की गई दो स्कूटी बरामद कर ली। पुलिस पूछताछ में पता चला कि अजय 13 मई को जेल से रिहा हुआ था।
वहीं 8 जुलाई को पंजाबी बाग थाना पुलिस ने गश्त के दौरान मादीपुर इलाके से स्कूटी सवार मादीपुर निवासी संजू को गिरफ्तार किया। स्कूटी पंजाबी बाग इलाके से चुराई गई थी। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसके निशादेही पर पंजाबी बाग इलाके से चुराई गई एक बाइक बरामद कर ली। संजू मई में जेल से रिहा हुआ था।
इसी तरह ख्याला थाना पुलिस ने 9 जुलाई की देर रात गश्त के दौरान रवि नगर एक्सटेंशन के पास से चोरी की बाइक पर घूम रहे नांगलोई निवासी खेमचंद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी से 6 मामले सुलझाने का दावा किया है।