सिकंदराबाद नगर के मोहल्ला कायस्थवाड़ा रहने वाले लोग गंगोत्री में भंडारा करने जा रहे थे। ऋषिकेश से आगे नरेंद्र नगर में उनकी गाड़ी पलट गई। गाड़ी में 24 लोग सवार थे। परिजनों ने बताया की गाड़ी पलटने की सूचना मिली है। किसी को कम तो किसी को ज्यादा चोट आई है। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मोहल्ला कायस्थवाड़ा के रहने वाले रमेशचंद्र सैनी ने बताया कि प्रतिवर्ष कांवड़ यात्रा के अवसर पर मोहल्लावासी गंगोत्री में भंडारा करते हैं। तीन जुलाई से भंडारा होना था। सभी लोग मंगलवार की रात तीन कैंटर गाड़ियों में खाने-पीने की सामग्री लेकर रवाना हुए थे। सामग्री के साथ 40 लोग गए थे। बुधवार की सुबह करीब चार बजे उन्हें सूचना मिली कि ऋषिकेश से आगे नरेंद्र नगर में आगे चल रही कैंटर गाड़ी ब्रेक फेल हो जाने के कारण पलट गई।
बताया कि घटना के समय गाड़ी में उनके बेटे सुनील सैनी के अलावा 23 अन्य लोग सवार थे। मोहल्ला निवासी डालचंद सैनी ने बताया कि गाड़ी में उनका भाई भी सवार था। गाड़ी में सवार कुछ लोगों से उनकी फोन पर बात हुईहै। उन्हें बताया गया कि सभी लोग घायल हैं। किसी को कम तो किसी को ज्यादा चोट आई है। हादसे के तुरंत बाद उन्हें राहत उपलब्ध कराई गई। मौके पर पहुंची एंबुलेंस ने सभी घायलों को ऑल इंडिया मेडिकल इंस्टिट्यूट व अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया। सभी का उपचार चल रहा है।
डालचंद सैनी ने बताया कि घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं मिली है। वहीं, घटना के बाद से अपनों की कुशलता को लेकर परिवार के लोग चिंतित हैं और फोन कर कुशलता लेने का प्रयास कर रहे हैं। अधिकांश परिजनों का कहना है कि उनके फोन का जवाब नहीं मिल पा रहा है, जिससे उनकी चिंताएं बढ़ गई हैं। उन्हें अपनों की कुशलता का बेसब्री से इंतजार है।