प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार को एक चीनी नागरिक और कुछ अन्य लोगों द्वारा कथित तौर पर 900 करोड़ रुपये से अधिक की साइबर धोखाधड़ी से जुड़े धन शोधन जांच के तहत दिल्ली में कई स्थानों पर तलाशी ली। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
केंद्रीय एजेंसी ने धोखाधड़ी की जांच के लिए मनी लांड्रिंग रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत आपराधिक मामला दर्ज किया है। सूत्रों ने बताया कि ज़िन्दाई टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी के खिलाफ जांच के सिलसिले में दिल्ली में पांच परिसरों की तलाशी ली जा रही है।
कंपनी पर आरोप है कि निवेश के नाम पर आम लोगों को धोखा दिया और पूर्ण विकसित मनी चेंजर (एफएफएमसी) का उपयोग करके धन शोधन किया गया। इस मामले में एक चीनी नागरिक और कुछ अन्य की भूमिका की जांच की जा रही है। सूत्रों का कहना है कि अपराध की अनुमानित राशि लगभग 903 करोड़ रुपये है।