आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने करीब 4.35 करोड़ रुपये की ठगी में वेदांता वेलफेयर सोसाइटी के महासचिव जितेंद्र सैनी को गिरफ्तार किया। उसे शनिवार को रोहिणी कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। आरोपी ने भाई के साथ सोसाइटी बनाकर लोगों को मकान देने का झांसा दिया था। मकान तो किसी को दिया नहीं, सोसाइटी के सदस्यों की रकम लेकर गायब हो गए। आरोपियों ने करीब 700 लोगों के साथ ठगी की है। ईओडब्ल्यू आरोपी के भाई व सोसाइटी के एक सदस्य की तलाश कर रही है।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त सुभाशीष चौधरी ने बताया कि शिकायतकर्ता आरएन गोविल की शिकायत पर 2016 में सुभाष प्लेस थाने में ठगी का मामला दर्ज किया गया था। बाद में मामले की तफ्तीश ईओडब्ल्यू को सौंप दी गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि जितेंद्र सैनी नेे भाई जयप्रकाश सैनी के साथ वेदांता वेलफयर सोसायटी बनाई। जयप्रकाश सैनी सोसाइटी का अध्यक्ष व अंकित सैनी सदस्य थे। आरोपियों ने लोगों को झांसा दिया कि उन्होंने बख्तापुर, दिल्ली में सोसाइटी के लिए 30 एकड़ जमीन ली है, वहां सभी को मकान बनाकर देंगे। उनके कहने पर करीब 700 लोगों ने सोसाइटी में पैसे निवेश किए।
आरोपियों ने सोसाइटी में हिस्सेदारी व सर्टिफिकेट देने की भी बात कही। शिकायतकर्ता ने ही परिवार के अन्य सदस्यों के साथ सोसाइटी में चार फ्लैट बुक कर करीब 34 लाख रुपये आरोपियों को दिए थे। पुलिस को जांच में पता लगा कि आरोपियों ने बख्तापुर में न ही कोई जमीन ली थी और न ही इनका मकान बनाने का प्रोजेक्ट शुरू करने का इरादा था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार 47 से ज्यादा शिकायतकर्ता ईओडब्ल्यू के पास आ चुके हैं। आरोपियों ने पीड़ितों से करीब 4.35 करोड़ रुपये की ठगी की थी।