वंदे भारत एक्सप्रेस (टी-18) को एक बार फिर पत्थरबाजों ने निशाना बनाया। ट्रेन के नई दिल्ली से इलाहाबाद के बीच ट्रायल रन के लिए शकुरबस्ती शेड से चलते ही पत्थरबाजों ने पत्थर फेंक ट्रेन के खिड़की के शीशे क्षतिग्रस्त कर दिए। यह घटना आरपीएफ के चार स्टाफ की मौजूदगी में हुआ। वंदे भारत लगातार पत्थरबाजों के निशाना पर आ रही है। पिछले दिनों भी ट्रायल के दौरान इस ट्रेन पर पत्थर फेंका गया था। शरारती तत्व पकड़ में नहीं आए और अब फिर ऐसी घटना सामने आई है।
यह ट्रेन शुक्रवार देर रात 11:03 बजे शकुरबस्ती शेड से चलकर नई दिल्ली स्टेशन पर रात 11:50 बजे पहुंची। यहां एस्कार्ट पार्टी को पता चला कि दूसरे कोच संख्या 188320 को पत्थरबाजों ने निशाना बनाया है। यह घटना दिल्ली लाहौरी गेट के समीप हुई। रेलवे अधिकारियों के अनुसार सदर एरिया में पुलिस प्रशासन ने पत्थर फेंकने वालों की पड़ताल की, लेकिन रेलवे ट्रैक के आस-पास कोई पत्थर फेंकने वाला नहीं मिला। हालांकि पत्थरबाजी के बावजूद ट्रेन 18 का फाइनल ट्रायल रन के लिए नई दिल्ली से सुबह छह बजे वाराणसी के लिए रवाना हुई।
समय से 15 मिनट पहले पहुंची इलाहाबाद
इलाहाबाद स्टेशन पर यह नियत समय से जाते वक्त पंद्रह मिनट पहले पहुंची। वापसी दिशा में यह ट्रेन वाराणसी से चलकर नई दिल्ली स्टेशन पर देर रात शनिवार रात 11:55 बजे पहुंचेगी। वापसी दिशा में भी यह ट्रेन इलाहाबाद स्टेशन पर 10 मिनट पहले पहुंची।
दिल्ली पहुंचने पर होगी जांच
दिल्ली पहुंचने के बाद इस ट्रेन के सभी पहलुओं की जांच की जाएगी और रिपोर्ट तैयार कर रेल मंत्रालय को दी जाएगी। 130 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से ट्रायल सफल रही तो जल्द ही यह ट्रेन दिल्ली-वाराणसी के बीच चलेगी।
प्रधानमंत्री दिखाएंगे हरी झंडी
रेल मंत्रालय ने पहले ही इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के लिए प्रधानमंत्री को आमंत्रित किया है। प्रधानमंत्री से वक्त मिलते ही इस ट्रेन को ट्रैक पर उतार दिया जाएगा।