वैशाली एक्सप्रेस ट्रेन में गाजियाबाद स्टेशन से टिकटों की बुकिंग अब रिजर्वेशन काउंटर से भी शुरू हो गई है। रेलवे ने बुधवार से यह सेवा आरक्षण केंद्रों के कंप्यूटर पर अपलोड की है।
इससे पहले सिर्फ इंटरनेट के जरिए ही गाजियाबाद स्टेशन से टिकट बुकिंग हो रही थी। दरअसल, सितंबर महीने में रेलवे ने सिफारिश और राजनीतिक दबाव में बनाए गए ट्रेनों के स्टॉपेज को समाप्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी।
इसमें गाजियाबाद स्टेशन से कानपुर शताब्दी और वैशाली के स्टॉपेज एक अक्तूबर से खत्म करने का फैसला किया गया था। रिजर्वेशन काउंटर के कंप्यूटर्स के साथ-साथ आईआरसीटीसी की साइट पर भी गाजियाबाद से दोनों ट्रेनों की टिकट बुकिंग बंद कर दी गई थी।
‘अमर उजाला’ ने इसे प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद रेलवे ने दोनों ट्रेनों को बहाल कर दिया था। कानपुर शताब्दी के लिए सीटों की बुकिंग इंटरनेट के साथ-साथ रिजर्वेशन काउंटर पर भी शुरू हो गई थी।
लेकिन वैशाली एक्सप्रेस के लिए गाजियाबाद रिजर्वेशन काउंटर से बुकिंग नहीं हो रही थी। बुधवार को रेलवे ने रिजर्वेशन के कंप्यूटर्स पर इसे वैशाली एक्सप्रेस के शेड्यूल को अपडेट कर दिया है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि अब आरक्षण केंद्र से भी टिकटों की बुकिंग हो सकेगी।