गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र निवासी विवाहिता ने पति पर स्पीड पोस्ट से चिट्ठी भेजकर तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि उसने ससुरालियों पर मुकदमा दर्ज करा रखा है, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
महिला ने एसएसपी को शिकायत देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। विजयनगर क्षेत्र निवासी महिला का निकाह 4 दिसंबर 2018 को क्षेत्र के ही एक युवक से हुआ था।
आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने लड़के को बिजनेसमैन बताया था, जिसके बाद मायके पक्ष ने 40 लाख रुपये शादी में खर्च किए थे। बाद में लड़का हिस्ट्रीशीटर व अपराधी निकला।
युवती का आरोप है कि शादी केबाद से ही ससुरालियों ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था। वे स्कॉर्पियो व 10 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। आरोप है कि मारपीट में उसका गर्भपात भी हो गया, जिसके बाद वह मायके में आकर रहने लगी।
पीड़िता का कहना है कि 18 जुलाई 2019 को उसने पति, सास, ससुर, देवर, जेठ, ननद और ननदोई समेत दस लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर्रा, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।
स्पीड-पोस्ट से तीन तलाक, पति का इंकार
पीड़िता का कहना है कि गत 26 जुलाई को घर स्पीड पोस्ट से एक रजिस्ट्री पहुंची, जिसमें उसके पति ने उस पर तीन बार तलाक लिख रखा था। इसी पत्र को लेकर पीड़िता बृहस्पतिवार को एसएसपी से मिली।
वहीं, आरोपी पति ने तीन तलाक देने से इन्कार किया है। उसका कहना है कि वह पत्नी को साथ रखना चाहता है। मामला कोर्ट में भी विचाराधीन है। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह का कहना है कि दोनों पक्षों द्वारा दिए दस्तावेजों की जांच कराई जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।