अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर में हुए तरुण हत्याकांड मामले में वारदात के बाद से फरार आरोपी सोहेल (23) को गिरफ्तार किया है। जेजे कॉलोनी, हस्तसाल रोड, उत्तम नगर निवासी आरोपी को दिल्ली के पालम फ्लाईओवर के पास से गिरफ्तार किया गया। अदालत ने आरोपी को भगोड़ा घोषित कर दिया था।
दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त (अपराध) एचजीएस धालीवाल ने बताया कि इंस्पेक्टर गुरमीत की टीम आरोपी की कई महीनों से तलाश कर रही थी। आरोपी सोहेल ने तरुण की हत्या में शामिल होने की बात कबूल की। उसने बताया कि उसके परिवार और मृतक के परिवार के बीच पहले से ही दुश्मनी चल रही थी। उसने बताया कि वह 4 मार्च 2026 को यानि होली वाले दिन जेजे कॉलोनी इलाके में हुए झगड़े के बाद, उसने और अन्य लोगों ने तरुण और अन्य लोगों पर लाठी, डंडे और लोहे की रॉड से हमला किया था। इस घटना के दौरान तरुण घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।
आरोपी ने आगे बताया कि तरुण की मौत के बारे में पता चलने के बाद, वह गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली से भाग गया और जयपुर सहित कई जगहों पर छिपकर रहा। उसने यह भी बताया कि वह अपने परिवार से मिलने दिल्ली लौटा था और नेपाल भागने की योजना बना रहा था, तभी क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे पकड़ लिया। सोहेल ने 12वीं कक्षा तक पढ़ाई की है और अभी वह दिल्ली यूनिवर्सिटी के एसओएल से बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा है।