फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टाइप-1 डायबिटीज में इंसुलिन की जगह दूसरी दवा देना जानलेवा : एम्स

विज्ञापन
विज्ञापन
देश में तीन लाख से अधिक बच्चे बीमारी से पीड़ित, 4टी लक्षण दिखने पर तत्काल जांच की सलाह, स्कूलों में भी मिले इलाज की सुविधा
विज्ञापन


अमर उजाला ब्यूरो

नई दिल्ली। बच्चों में टाइप-1 डायबिटीज होने पर इंसुलिन की जगह दूसरी दवाएं देना जानलेवा साबित हो सकता है। बीमारी की पुष्टि होने या उसका प्रकार स्पष्ट होने का इंतजार किए बिना उपचार में लापरवाही बरतना बच्चे की जान जोखिम में डाल सकता है। एम्स के विशेषज्ञों ने अभिभावकों को चेतावनी दी है कि बच्चों में बार-बार पेशाब आना, अत्यधिक प्यास लगना, लगातार थकान और बिना वजह वजन कम होने जैसे लक्षण दिखें तो तत्काल जांच कराएं। देश में तीन लाख से अधिक बच्चे टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित हैं।
एम्स दिल्ली और हृदय फाउंडेशन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में एम्स के निदेशक एवं एंडोक्राइनोलॉजी और मेटाबॉलिज्म विभाग के प्रमुख डॉ. निखिल टंडन ने कहा कि कम उम्र में डायबिटीज के ज्यादातर मामले टाइप-1 के होते हैं। जीवन के पहले दशक में डायबिटीज के करीब 99 फीसदी मामले इसी श्रेणी में आते हैं। दूसरे दशक में भी 80 से 85 फीसदी मामले टाइप-1 के होते हैं। ऐसे में बीमारी का प्रकार स्पष्ट होने का इंतजार करते हुए इंसुलिन की जगह खाने वाली दवाएं देना खतरनाक हो सकता है।
विज्ञापन

डॉ. टंडन ने बताया कि टाइप-1 डायबिटीज में शरीर इंसुलिन बनाना बंद कर देता है। इसलिए मरीज को बाहर से इंसुलिन देना जीवन बचाने के लिए अनिवार्य है। दिन में कई बार इंजेक्शन देना बच्चों और अभिभावकों के लिए मुश्किल हो सकता है, लेकिन इसका कोई विकल्प नहीं है। दूसरी दवाओं या वैकल्पिक उपचार को इंसुलिन की जगह इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।
4टी लक्षणों से करें बीमारी की पहचान
डॉ. टंडन ने बीमारी की पहचान के लिए 4टी लक्षणों पर ध्यान देने की सलाह दी। इनमें बार-बार पेशाब आना (टॉयलेट), अत्यधिक प्यास लगना (थर्स्टी), लगातार थकान (टायर्ड) और बिना कारण वजन घटना (थिनर) शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर तत्काल ब्लड शुगर की जांच करानी चाहिए। रक्त जांच की सुविधा उपलब्ध नहीं होने पर शुरुआती स्तर पर पेशाब की जांच से भी संकेत मिल सकते हैं। उन्होंने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने पहली बार बच्चों और किशोरों में टाइप-1 डायबिटीज के प्रबंधन को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए हैं। केंद्र सरकार ने भी राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) 2.0 में बच्चों में टाइप-1 और टाइप-2 डायबिटीज की पहचान और प्रबंधन को शामिल किया है। इसके तहत नियमित इंसुलिन, लंबे समय तक असर करने वाले इंसुलिन ग्लार्जिन, ग्लूकोमीटर और टेस्ट स्ट्रिप उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है।
स्कूलों में इलाज के साथ खेलकूद की सुविधा जरूरी
हृदय फाउंडेशन की कार्यकारी निदेशक प्रो. मोनिका अरोड़ा ने कहा कि टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों को स्कूलों में इंसुलिन लेने, ब्लड शुगर जांचने और खेलकूद में हिस्सा लेने की पूरी सुविधा मिलनी चाहिए। बीमारी के कारण उनके साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए। इसके लिए परिवारों, स्कूलों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी जरूरी है।
विज्ञापन

-कार्यक्रम में बच्चों और अभिभावकों ने अपने अनुभव साझा किए। सेंसर डिवाइस से शुगर की निगरानी और इंसुलिन पंप के इस्तेमाल पर भी चर्चा हुई। अभियान के पहले चरण में 14 लाख से अधिक लोगों तक पहुंच बनाई गई, जबकि दूसरे चरण में करीब दो लाख लोग इससे जुड़ चुके हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें